निक्की हेली ने शुरू किया प्रचार अभियान, बोलीं- भारतीय प्रवासी की बेटी होने पर गर्व

रिपब्लिकन पार्टी की ओर से 2024 के राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद भारतीय मूल की अमेरिकी नेता निक्की हेली में बुधवार को आधिकारिक तौर पर प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। उन्होंने साउथ कैरोलिना से अपने प्रचार अभियान शुरू किया। इस मौके पर हेली ने कहा कि उन्होंने अपना जीवन इस चुनावी लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया है। एक मजबूत और गौरवान्वित अमेरिका के लिए वह राष्ट्रपति पद के लिए मैदान में उतर रही हैं।

हेली ने कहा, “मैं आपके सामने अप्रवासियों की बेटी, एक लड़ाकू योद्धा की पत्नी और दो बच्चों की मां के रूप में खड़ी हूं। मैंने साउथ कैरोलिना के गवर्नर और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत के रूप में सेवा की है। इन सबसे ऊपर, मैं एक खुद्दार अमेरिकी नागरिक हूं, जिसे पता है कि हमारे सबसे अच्छे दिन आने अभी बाकी हैं, अगर हम एकजुट हों और अपने देश को बचाने के लिए लड़ें।”

साउथ कैरोलिना की पूर्व गवर्नर हेली ने कहा कि उनके माता-पिता बेहतर जीवन की तलाश में भारत से अमेरिका आए थे और साउथ कैरोलिना के बामबर्ग में बस गए। उन्होंने कहा, मेरे माता-पिता हर दिन हमारे भाई-बहनों को यह याद दिलाते थे कि हमारे सबसे बुरे दिन में अमेरिका ने साथ दिया। हम इसके लिए आभारी हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन पर हमला बोलते हुए हेली ने कहा कि आज अमेरिका पिछड़ रहा है। जो बाइडन इस विफलता के प्रतीक हैं। अब हमारे नेता सरकार पर ज्यादा भरोसा करते हैं और अमेरिका के लोगों पर बहुत कम भरोसा करते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कर्ज 30 ट्रिलियन डॉलर है। यह वह अमेरिका नहीं है, जिसके लिए मेरे माता-पिता यहां आए थे।

रिपब्लिकन पार्टी के अंदर डोनाल्ड ट्रंप से होगा मुकाबला
हेली ने 2024 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए बुधवार को औपचारिक रूप से अपनी दावेदारी पेश की। रिपब्लिकन पार्टी के अंदर उनका मुकाबला पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से होगा। अभी तक ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति उम्मीवार के लिए दावेदारी पेश करने वाले एकमात्र उम्मीदवार थे। 51 वर्षीय हेली दो बार साउथ कैरोलिना की गवर्नर रह चुकी हैं। निक्की हेली ने पूर्व में ही जो बाइडन के खिलाफ अलग चुनाव लड़ने को लेकर संकेत दिए थे। बीते दिनों एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि उन्होंने गवर्नर और राजदूत के रूप में बहुत अच्छा काम किया।
पहली बार सार्वजनिक रैली में बीजिंग पर साधा निशाना
रिपब्लिकन नेता हेली ने व्हाइट हाउस की उम्मीदवार के तौर पर पहली बार सार्वजनिक रूप से बीजिंग को कड़ी चेतावनी दी।  उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सोवियत संघ की तरह कम्युनिस्ट चीन भी इतिहास के ढेर पर खड़ा होगा।

उन्होंने कहा, अब अमेरिका के सशस्त्र बल पहले से कहीं अधिक मजबूत और सक्षम होंगे। एक मजबूत सेना युद्ध शुरू नहीं करती है। एक मजबूत सेना युद्ध को रोकती है! हेली ने कहा,  हम इजरायल से लेकर यूक्रेन तक अपने सहयोगियों के साथ खड़े रहेंगे और ईरान व रूस में अपने दुश्मनों के खिलाफ खड़े होंगे।

रिपब्लिकन नेता ने कहा कि कम्युनिस्ट चीन सोवियत संघ की तरह इतिहास में राख के ढेर में होगा। उन्होंने कहा, इसे विजन को साकार करना आसान नहीं होगा। इसके लिए हम सभी की प्रतिबद्धता की आवश्यकता है। इसके लिए भरोसे और यथास्थिति से आगे बढ़ने की इच्छा की आवश्यकता होती है। इसके लिए कुछ चीजें करने की आवश्यकता होगी, जो  हमने कभी नहीं की हैं।

Related posts

Leave a Comment