नाजरेथ अस्पताल ने 49 वें स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक भव्यता के साथ मनाया

प्रयागराज ।
नाजरेथ अस्पताल ने अपने 49वें स्थापना दिवस को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ उत्साहपूर्वक मनाया। इस विशेष अवसर पर सोनभद्र जिले के प्रशासनिक न्यायाधीश,  न्यायमूर्ति सौरभ श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नाजरेथ अस्पताल के चेयरमैन,  मोस्ट रेवरेण्ड लुईस मास्करेन्हस ने की। विशिष्ट अतिथियों में प्रयागराज के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. आशु पांडे और कांग्रेगेशन ऑफ सिस्टर्स ऑफ नाजरेथ की प्रांतीय सुपीरियर सिस्टर लता सीएसएन शामिल थीं।
समारोह की शुरुआत एक भावपूर्ण प्रार्थना नृत्य के साथ हुई, जिसने कार्यक्रम को आध्यात्मिक रंग दिया। इसके बाद दीप प्रज्वलन’ का समारोह आयोजित किया गया, जो आशा और ज्ञान का प्रतीक था। प्रशासक  फादर इसिडोर डीसूजा ने गणमान्य अतिथियों, मेहमानों और शुभचिंतकों का स्वागत करते हुए सांस्कृतिक भव्यता की शुरुआत की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में एक से बढ़कर एक आकर्षक प्रस्तुतियां दी गई। इनमें से सबसे प्रमुख थी महाकुंभ दी इटार्नल कान्फ्लुएंस’, जो महाकुंभ मेले के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व का भव्य चित्रण था। इस प्रदर्शन ने महाकुंभ की गहरी परंपराओं और एकता तथा भक्ति के सार्वभौमिक संदेश को प्रस्तुत किया। दर्शकों ने इसे जोरदार तालियों से सराहा, जो प्रयागराज की समृद्ध विरासत की गूंज थी।
अत्य प्रस्तुतियों में एक प्रभावशाली लघु नाटक ‘हँड्स दैट हील’ शामिल था, जो स्वास्थ्य देखभाल में नर्सों की महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर करता है। वहीं बालीवुड धमाका ने आधुनिक और रंगीन जोश के साथ दर्शकों का मन मोह लिया। साइबर सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और अंगदान जैसे विषयों पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी को गहरे संदेशों के साथ मंत्रमुग्ध कर दिया।
दिव्य ज्योति निकेतन की दृष्टिबाधित लड़कियों ने अपने ‘रिदमिक फीट’ से कम भाग्यशाली बच्चों की शिक्षा की आवश्यकता पर जोरदार संदेश दिया। ‘सांस्कृतिक समागम’ ने विविधता में एकता के सुंदर रूप को प्रदर्शित किया।
अपने संबोधन में न्यायमूर्ति श्रीवास्तव ने नाजरेथ अस्पताल की पिछले पांच दशकों से स्वास्थ्य सेवा और सामुदायिक सेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। चेयरमैन बिशप लुईस मास्करेन्हस ने भी सभा को संबोधित करते हुए अस्पताल की समृद्ध विरासत और मानवता की सेवा के प्रति इसके निरंतर प्रयासों को रेखांकित किया।
इस कार्यक्रम का एक अन्य प्रमुख आकर्षण था नाइटिंगेल अवार्ड 2024 का वितरण। इस पुरस्कार से दो उत्कृष्ट नर्सों, स्टाफ नर्स प्रीति आर्या और एएनएम नर्स रश्मि मुंडा को सम्मानित किया गया। उन्हें रोगियों की देखभाल में उनके समर्पण और योगदान के लिए मुख्य अतिथि द्वारा यह पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का समापन डा. प्रशांत त्रिपाठी द्वारा हार्दिक धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
नाजरेथ अस्पताल का 49वां स्थापना दिवस सांस्कृतिक समारोह और सेवा के सम्मान का एक आदर्श संगम था, जिसने सभी उपस्थित लोगों को प्रेरित और एकजुट किया।

Related posts

Leave a Comment