कांग्रेस मुक्त भारत देश और सपा बसपा से मुक्त उत्तर प्रदेश बनाने को जनता ठान चुकी है: डिप्टी सीएम
प्रयागराज।फूलपुर विधानसभा उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी दीपक पटेल ने पार्टी के दिग्गज नेताओं की उपस्थिति में शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया। इस दौरान प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे। अपने आवास से एक विशाल रथ पर निकले भाजपा प्रत्याशी दीपक पटेल के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम गाजे बाजे के साथ चल रहा था। आवास से लगभग एक किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद कलेक्ट्रेट पहुंचे दीपक पटेल ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि फूलपुर सहित प्रदेश के सभी 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा जीतेगी। विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुक्त भारत देश और सपा बसपा से मुक्त उत्तर प्रदेश बनाने को जनता ठान चुकी है। सपा और कांग्रेस का गठबंधन टूट चुका है। हरियाणा में विजय के साथ भाजपा का विजय रथ फिर आगे बढ़ गया है। यह विजय 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 को दोहराने की मजबूत नींव बनेगी ऐसा मुझे पूरा विश्वास है। डिप्टी सीएम ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सपा कांग्रेस के पक्ष में जो माहौल बना था उसकी हवा निकल चुकी है। वहीं प्रत्याशी दीपक पटेल ने कहा कि विकास और कानून व्यवस्था के नाम पर वे जनता से वोट मांगेंगे क्योंकि आज प्रयागराज सहित पूरे प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है और कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त है। विपक्ष द्वारा सत्ता के दुरुपयोग की बात पर दीपक पटेल ने कहा कि सत्ता का दुरुपयोग सपा सरकार में किस तरह होता था ये सभी जानते हैं। फूलपुर के विकास और जनता के सुख दुख में वे हमेशा खड़े रहेंगे। नामांकन के दौरान संसद प्रवीण पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा त्र्यंबक त्रिपाठी, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, कैबिनेट मंत्री दयाशंकर सिंह, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, हर्षवर्धन बाजपेई, गंगापार जिलाध्यक्ष कविता पटेल महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र, महापौर गणेश केसरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष वीके सिंह, एम एल सी सुरेंद्र चौधरी, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, निर्मला पासवान, जिलाध्यक्ष यमुनापार विनोद प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष किरन त्रिवेदी,शैलेंद्र मौर्य, कमलेश गौतम,अवधेश चंद्र गुप्ता, रवि केसरवानी, राजेश गोंड, नवाब खान, आनंद जायसवाल, मीडिया प्रभारी उमेश तिवारी , मीडिया प्रभारी विवेक मिश्रा, प्रशांत शुक्ला, राकेश भारती, बृज मोहन आदि भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।