दस दिवसीय चलो मन गंगा यमुना तीर का हुआ शुभारंभ

प्रयागराज। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र प्रयागराज द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सांस्कृतिक आयोजन ‘चलो मन गंगा यमुना तीर’ की सांस्कृतिक संध्या का मंगलवार को भव्य शुभारम्भ पुलिस अधीक्षक माघ मेला आशुतोष मिश्र एवं केन्द्र निदेशक इन्द्रजीत सिंह ग्रोवर ने किया।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक संध्या की शुरूआत वाराणसी के मोहन लाल त्यागी के शहनाई वादन से हुआ। प्रथम दिवस की सांस्कृतिक संध्या में, जीवन के नश्वरता को प्रदर्शित करने वाला हरियाणा के वेद प्रकाश एवं दल का वनचारी नृत्य, रामायण एवं महाभारत के आख्यानों पर आधारित जनजातीय नृत्य ‘छऊ’ एवं सम्बलपुरी नृत्य का फ्यूजन तथा उड़ीसा के मंदिरों का शास्त्रीय नृत्य ओडिसी की प्रस्तुतियां अत्यन्त प्रभावी रही। रीतिका मंडल के निर्देशन में प्रस्तुत कार्यक्रम ने देश की मौलिक जनजातीय संस्कृति के साथ-साथ ओडिसी नृत्य की बानगी से दर्शकों को प्रभावित किया।
सांस्कृतिक संध्या का अन्य आकर्षण भारतवर्ष के उत्तराखण्ड, असम व मध्य प्रदेश के बहुरंगी लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां थी। प्रयागराज के दोआबा क्षेत्र का ढेढ़िया, असमी लोकजीवन के उल्लास का प्रतीक एवं अच्छी फसल की खुशी में होने वाला स्वीटी सरकार एवं दल का बिहू, कश्मीर के इफरा खान एवं दल का कश्मीरी लोकनृत्य, मध्य प्रदेश के अरविन्द यादव एवं दल का मांगलिक अवसरों पर होने वाला ‘बधाई’ मथुरा के राजेश शर्मा एवं दल का व्रज के लोकनृत्य एवं नत्थी लाल नौटियाल एवं दल द्वारा उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति को दर्शाता ‘थड्या चैफला’ लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों ने तीर्थयात्रियों का भरपूर मनोरंजन किया। सांस्कृतिक केन्द्र द्वारा पण्डाल में देश के विविध अंचलों की हस्तशिल्प प्रदर्शनी के साथ-साथ आंचलिक व्यंजनों की भी प्रदर्शनी लगायी गयी है।

Related posts

Leave a Comment