दक्षिणी रूसी शहर येस्क में सोमवार को एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है विमान एक आवासीय इमारत पर क्रैश हुआ। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं करीब 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। चश्मदीदों के हवाले से समाचार एजेंसी यह जानकारी दी है।
जानकारी के मुताबिक, रूस के एक युद्धक विमान के इंजन में खराबी आ गई थी। इसके बाद विमान अजोव सागर पर येस्क बंदरगाह में एक रिहायशी इलाके में यह विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि सु-34 के एक इंजन में उड़ान भरने के दौरान आग लग गई। इसके बाद विमान नीचे गिर गया। यह अपनी प्रशिक्षण उड़ान पर था।
चालक दल के दोनों सदस्य सुरक्षित हैं। हालांकि, विमान एक रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। आपात मामलों के मंत्रालय ने बताया कि आग बुझाने में आपात सेवाओं के कर्मचारी लगे हुए हैं। मंत्रालय ने बताया कि दुर्घटना के बाद लगी आग करीब 2000 वर्ग मीटर के दायरे में फैल गई थी। बताया जा रहा है कि हादसे की वजह से यहां 15 से ज्यादा अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई। हताहतों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक इस हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की जानकारी ही सामने आई है। सरकारी अधिकारी प्रभावित हुए लोगों का सही आंकड़ा जुटा रहे हैं। विमान जिस इमारत पर गिरा वहां पर कम से कम 21 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे की वजह से आसपास की 15 इमारतों में आग लग गई थी, इससे वहां रहने वाले करीब 100 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
क्रेमलिन की ओर से कहा गया है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को इस हादसे के बारे में जानकारी दे दी गई है। वहीं स्वास्थ्य मंत्री और स्थानीय गवर्नर मौके पर मौजूद हैं। येस्क शहर में करीब 90 हजार लोग रहते हैं। यह रूस का एक बड़ा एयरबेस है।