टेस्ट मैचों का सिलसिला थमा, अब मचेगा टी20 क्रिकेट का धमाल

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खत्म हो गई है और अब सभी का ध्यान आइपीएल के 15वें सत्र पर है, जो 26 मार्च से शुरू हो रहा है। रिकार्ड पांच बार की आइपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस ने 2022 सत्र की तैयारी मंगलवार से शुरू कर दी। भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अपनी आइपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ गए हैं।

आइपीएल के 15वें सत्र का आगाज 26 मार्च हो होना है। मुंबई इंडियंस को अपना पहला मैच 27 मार्च को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलना है। मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित अपने परिवार के साथ टीम के बायो-बबल (कोरोना से बचाव के लिए बनाए गए सुरक्षित माहौल) से जुड़ गए है। तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ बुमराह भी एक बबल से दूसरे बबल में स्थानांतरित हुए हैं।मुंबई इंडियंस ने अपने ट्विटर हैंडल पर रोहित और बुमराह के मुंबई में टीम होटल में प्रवेश की वीडियो डाली हैं। राष्ट्रीय टीम के ये दोनों खिलाड़ी एक बबल से दूसरे बबल में गए हैं, इसलिए नियमों के अनुसार उन्हें तीन दिन के कड़े क्वारंटाइन से नहीं गुजरना होगा। मुंबई इंडियंस ने ट्वीट करके रोहित और बुमराह के फ्रेंचाइजी से जुड़ने की पुष्टि की है। मुंबई ने दोनों के बैग के एक साथ फोटो ट्वीट करके लिखा, ‘देखो वो आ गए।’ वहीं एक और तस्वीर फ्रेंचाइजी ने शेयर की, जिसमें जसप्रीत बुमराह नजर आ रहे हैं। फ्रेंचाइजी ने इसके साथ लिखा, ‘टिक टिक बूम।’

मुंबई इंडियंस के पहले मैच से 12 दिन पूर्व अनुकूलन शिविर नवी मुंबई के रिलायंस जियो स्टेडियम में शुरू हो गया है। टीम के अनुसार, ‘मुंबई इंडियंस टीम के भीतर ही अभ्यास मैच खेलेगी, जो शिविर के दूसरे सप्ताह में खेले जाएंगे।’

पहले अभ्यास सत्र से पूर्व टीम के क्रिकेट निदेशक जहीर खान और कोच महेला जयवर्धने के मार्गदर्शन में खिलाडि़यों का आकलन किया गया। जहीर और जयवर्धने के साथ कोचिंग स्टाफ में शेन बांड, रोबिन सिंह, किरण मोरे, राहुल सांघवी, विनय कुमार, टीए शेखर, पाल चैपमैन और डाटा विश्लेषक सीकेएम धनंजय हैं। पांच बार की विजेता मुंबई इंडियंस ने हाल ही में अपनी नई जर्सी को भी लांच किया है। इस बार मुंबई की जर्सी का लुक थोड़ा अलग है, क्योंकि नीली और सुनहरी जर्सी में आगे और पीछे अलग तरह का पैटर्न देखने को मिलता है, जो शायद प्रकृति की ओर इशारा करता है।

Related posts

Leave a Comment