अगले वर्ष का बजट तैयार करने में लगी सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी टीवी सोमनाथन को व्यय सचिव बनाया है। यह पद अक्टूबर से खाली था। सरकार ने शुक्रवार को अधिकारियों के विभागों में फेरबदल किये। कार्मिक मंत्रालय के आदेश के अनुसार तमिलनाडु कैडर के 1987 बैच के आईएएस अधिकारी सोमनाथन को व्यय सचिव नियुक्त किया गया है। वह फिलहाल अपने कैडर राज्य तमिलनाडु में कायर्रत हैं।
गिरीश चंद्र मुर्मू को केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद से व्यय सचिव का पद 29 अक्टूबर से रिक्त पड़ा था। व्यय विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी अतनु चक्रवर्ती को दी गयी। गुजरात कैडर के 1985 बैच के आईएएस अधिकारी चक्रवर्ती वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के सचिव हैं। नये व्यय सचिव की नियुक्ति 2020-21 के बजट से डेढ़ महीने पहले की गयी है। बजट एक फरवरी, 2020 को पेश किया जाएगा।
मंत्रालय के एक अन्य आदेश के अनुसार रवि मित्तल को सूचना और प्रसारण सचिव नियुक्त किया गया है। वह अमित खरे का स्थान लेंगे। बिहार कैडर के 1986 बैच के आईएएस अधिकारी मित्तल फिलहाल वित्तीय सेवा विभाग में विशेष सचिव हैं। खरे अब उच्च शिक्षा विभाग में सचिव होंगे। वह आर सुब्रमणियम का स्थान लेंगे जिन्हें सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है।