टीम इंडिया को सता रही महेंद्र सिंह धोनी की याद

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला रांची में रविवार (आठ अक्तूबर) को खेला जाएगा। यह भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का गृहनगर है। टीम इंडिया को मैच से पहले रांची में धोनी की याद आ रही है। इसका खुलासा तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने शनिवार को किया। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि टीम में हर कोई धोनी को याद कर रहा है। उनके अनुभव की कमी टीम को खलती है।

धोनी ने 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उनकी कप्तानी में भारत 2007 में टी20 वर्ल्ड कप, 2011 में वनडे वर्ल्ड कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीता था। धोनी के नेतृत्व में टीम इंडिया 2014 में टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची थी। वह आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से अभी खेल रहे हैं। धोनी टीम के कप्तान हैं। वह चेन्नई को चार बार आईपीएल में चैंपियन बना चुके हैं।

शार्दुल ने कहा, “हर कोई उन्हें (धोनी) याद करता है क्योंकि उनका अनुभव बहुत मायने रखता है। उन्होंने 300 से अधिक वनडे, करीब 90 टेस्ट और करीब और बहुत सारे टी20 मैच खेले थे। वह बहुत अनुभवी खिलाड़ी हैं। ऐसे खिलाड़ियों का टीम में होना लाभकारी होता है। हम निश्चित रूप से उन्हें याद कर रहे हैं।”

शार्दुल से जब टी20 वर्ल्ड कप टीम में नहीं चुने जाने पर पूछा तो उन्होंने कहा कि जाहिर तौर पर निराशा हुई। उन्होंने कहा, ”वर्ल्ड कप खेलना हर खिलाड़ी का सपना होता है। मेरा चयन नहीं है तो कोई बात नहीं। मेरे में अभी काफी क्रिकेट बाकी है। अगले साल वनडे वर्ल्ड कप भी है। मेरा ध्यान अब पूरी तरह उस पर है। अगर मौका मिला तो अच्छा प्रदर्शन करूंगा और टीम की जीत में योगदान दूंगा।”
टी20 वर्ल्ड कप के लिए चुने गए जसप्रीत बुमराह चोटिल होने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। वहीं, स्टैंडबाय खिलाड़ियों की सूची में शामिल दीपक चाहर भी चोटिल हो गए हैं। वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो वनडे मैचों से बाहर हो गए हैं। उनके स्थान पर वॉशिंगटन सुंदर को चुना गया है। खिलाड़ियों के चोटिल होने पर शार्दुल ने कहा, ”यह खेल का हिस्सा है। कोई खिलाड़ी चोटिल होना नहीं चाहता। इसे दिल पर नहीं लेना चाहिए।”

Related posts

Leave a Comment