प्रयागराज । सूचना और प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केन्द्रीय संचार ब्यूरो क्षेत्रीय कार्यालय प्रयागराज द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आकाशवाणी पर प्रसारित कार्यक्रम “मन की बात” के 90वें एपीसोड के प्रसारण का आयोजन चक दाउद नगर नैनी में किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रमुख रूप से राम लखन विश्वकर्मा जिला मंत्री भाजपा महानगर, दिनेश सिंह मण्डल अध्यक्ष भाजपा नैनी ओबीसी मोर्चा, दिलीप केसरवानी नैनी मण्डल अध्यक्ष, नीलू पटेल मण्डल सोशल मीडिया नैनी, प्रेमचन्द्र प्रधानाचार्य सावित्री देवी इण्टर कालेज, फूलचन्द्र विश्वकर्मा, वेद प्रकाश, दिनेश समाजसेवी दिनेश कुमार विश्वकर्मा के अलावा कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे। उपस्थित सभी लोगों द्वारा प्रधानमंत्री जी के मन की बात कार्यक्रम को ध्यान से सुना गया। केन्द्रीय संचार ब्यूरो प्रयागराज के वरिष्ठ सहायक राम मूरत ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार प्रकट करते कहा कि मन की बात से संबंधित टोल फ्री नम्बर 1800-11-7800 व नमो एप पर अपने सुझाव व संदेश भेज सकते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित श्रोताओं से प्रधानमंत्री द्वारा किये गये आह्वान को पालन करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को ब्यूरो की ओर से प्रचार साहित्य सहित न्यू इंडिया समाचार भी उपलब्ध कराया गया।
मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि आपातकाल के दौरान भारत के लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास किया गया था। देश की अदालतें, हर संवैधानिक संस्था, प्रेस, सब पर नियंत्रण लगा दिया गया था। सेंसरशिप की ये हालत थी कि बिना स्वीकृति कुछ भी छापा तक नहीं जा सकता था। इसके बावजूद भारत के लोगों ने लोकतांत्रिक तरीके से ही आपातकाल को हटाकर वापस लोकतंत्र की स्थापना की। प्रधानमंत्री ने कहा इमरजेंसी के दौरान लोगों के संघर्षों का गवाह रहने का सौभाग्य मुझे भी मिला। आज जब देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है तो हमें आपातकाल के भयानक दौर को भूलना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों के जीवन का अधिकार छीना गया था। इसके बावजूद लोगों ने लोकतंत्र में विश्वास को नहीं खोया।
प्रधानमंत्री ने कहा आज हमारा भारत जब इतने सारे क्षेत्रों में सफलता का आकाश छू रहा है, तो आकाश या अन्तरिक्ष इससे अछूता कैसे रह सकता है। बीते कुछ समय में हमारे देश में स्पेस सेक्टर से जुड़े कई बड़े काम हुए हैं। उन्होंने कहा, आज से कुछ साल पहले हमारे देश में स्पेस सेक्टर में स्टार्ट अप के बारे में कोई सोचता तक नहीं था। आज इनकी संख्या 100 से भी ज्यादा है। उन्होंने कहा देश का युवा आकाश छूने को तैयार है तो हमारा देश कैसे पीछे रह सकता है।
प्रधानमंत्री ने कहा, हमारे देश में मानसून का लगातार विस्तार हो रहा है। अनेक राज्यों में बारिश बढ़ रही है। यह समय जल संरक्षण का भी है। समाज सदियों से यह जिम्मेदारी उठाता रहा है। जल संरक्षण जीवन संरक्षण है। आजकल कई नदी महोत्सव होने लगे हैं। आपके यहां जो भी जल स्त्रोत हैं, वहां कुछ न कुछ आयोजन जरूर करें।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें कोरोना के खिलाफ सावधानी का भी ध्यान रखना है। हालांकि संतोष की बात है कि आज देश के पास वैक्सीन की व्यापक सुरक्षा कवच मौजूद है। हम 200 करोड वैक्सीन डोज के करीब पहुंच गए हैं। देश मे तेजी से प्रिकाशन डोज भी लगाई जा रही है। अगर आपकी सेकेण्ड डोज के बाद प्रिकाशन डोज का समय हो गया है तो आप ये तीसरी डोज जरूर लें। हमें बारिस के मौसम में आस-पास गंदगी से होने वाली बीमारियों से भी आगाह रहना है। आप सब सजग रहिए, स्वस्थ रहिए और ऐसी ही ऊर्जा से आगे बढ़ते रहिए।