प्रयागराज। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अनुषांगिक संगठन ’सेवा भारती’ के तत्वावधान में 26 मार्च से दो मई तक प्रयागराज के 29 नगर इकाईयों में 62 हजार परिवारों को खाद्यान्न वितरित किया गया। अब विशेष योजना के अंतर्गत बीस हजार बंधुओं को मास्क हेतु गमछा वितरित किया जा रहा है।
यह बातें रविवार को सिविल लाइंस स्थित ज्वाला देवी इण्टर काॅलेज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक कृष्ण चन्द्र, सेवा भारती के प्रयाग अध्यक्ष सुजीत सिंह, प्रांत सह सेवा प्रमुख सत्य विजय सिंह एवं प्रांत सह कार्यवाह आलोक मालवीय ने संयुक्त रूप से पत्रकारों से कही। सुजीत सिंह ने बताया कि ’सेवा भारती’ के तत्वावधान में बीते 26 मार्च से निरन्तर प्रयागराज के दूर-दूर तक बसे इलाकों तथा कौशाम्बी के क्षेत्रों में निरन्तर राशन एवं भोजन पैकेट पहुंचा रही है। इसके साथ ही ढाई लाख लोगों को भोजन पैकेट दिया गया। बताया कि 29 नगर इकाईयों के 300 बस्तियों में बीस हजार गमछा वितरित किया गया। छह मई को गंगापार, यमुनापार एवं कौशाम्बी के 360 न्याय पंचायतों में गमछा वितरित किया जायेगा।
प्रांत सह कार्यवाह आलोक मालवीय ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का कार्य ही समाज सेवा से जुड़ा है। ऐसे बन्धु जिन्हें किसी प्रकार की सहायता नहीं मिल पाती है उन्हें चिन्हित कर उनकी मदद करना ही संघ का काम है। वर्तमान में जिनका राशन कार्ड नहीं बन पाया है, उसे सेवा भारती द्वारा बनवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि काशी प्रांत में 12 प्रशासनिक जिले आते हैं, जिनमें 1485 स्थानों पर सेवा कार्य चल रहा है। इसके साथ ही लगभग 225 सामाजिक संगठनों का सहयोग भी कर रहे हैं। श्री मालवीय ने बताया कि 51 हजार 201 कुंतल चावल, 68 हजार कुंतल आटा, 12 हजार कुंतल दाल सहित अन्य सामग्रियां वितरित की गयी हैं।
विभाग प्रचारक कृष्ण चन्द्र ने बताया कि संघ अपने स्थापना काल से ही राष्ट्र सेवा में समर्पित है। सम्पूर्ण भारत में संघ के स्वयंसेवक निर्धन एवं असहाय लोगों को राहत सामग्री और सेवाएं उपलब्ध कराने में तत्पर हैं। सेवा भारती और संघ के तमाम अनुषांगिक संगठनों के सहयोग से निरन्तर जरूरतमंदों को राशन एवं खाद्य सामग्री पहुंचायी जा रही है। उन्होंने बताया कि गमछा अम्बेडकर नगर के जलालपुर से मंगाया गया है। कार्यक्रम का संचालन पवन श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर ज्वाला देवी इण्टर कालेज सिविल लाइंस विद्यालय के प्रधानाचार्य युगल किशोर मिश्र, पवन श्रीवास्तव, आशीष गुप्ता, अनूप मिश्रा, संदीप चैहान सहित अन्य कई लोग उपस्थित रहे।
बाॅक्स–रविवार को प्रयाग उत्तर भाग में गमछा वितरित
जिला कार्यवाह शिव प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को प्रयाग महानगर के 14 नगरों के 42 सेवा बस्तियों में कुल 1500 गमछे वितरित किये गये। इस अवसर पर जिला प्रचारक प्रेमसागर, भाग संचालक एस.पी सिंह, सह भाग कार्यवाह प्रमेन्द्र पुण्डरीक, व्यवस्था प्रमुख विजय मालवीय का सराहनीय योगदान रहा। वितरण के दौरान नगर कार्यवाह विकास, पवन, सुनील, ब्रह्म शंकर, डाॅ. दीपक, देवी प्रसाद, अमित सहित अन्य कई लोग उपस्थित रहे।