जयराम ठाकुर ने मंत्रिमंडल में किया बड़ा फेरबदल, गोविंद ठाकुर होंगे शिक्षा मंत्री; नए मंत्रियों को बांटे विभाग

दो दिन की मशक्कत के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अंतत: शुक्रवार देर रात मंत्रियों के विभागों का आवंटन कर दिया। कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल किया है जबकि नए मंत्रियों को भी विभाग आवंटित कर दिए गए। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज अब शहरी विकास मंत्री होंगे। उनकी जगह परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर को शिक्षा मंत्री बनाया गया है। शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। राजीव सैजल स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री होंगे।

वीरवार को शपथ लेने वाले सुखराम चौधरी ऊर्जा मंत्री, राकेश पठानिया वन मंत्री व राजिंद्र गर्ग खाद्य आपूर्ति मंत्री होंगे। उद्योग एवं श्रम रोजगार मंत्री विक्रम सिंह को परिवहन विभाग भी मिल गया है। रामलाल मार्कंडेय से कृषि विभाग वापस लेकर वीरेंद्र कंवर को सौंपा गया है। जलशक्ति, राजस्व एवं बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के विभागों में कोई फेरबदल नहीं हुआ है।

Related posts

Leave a Comment