प्रयागराज। जनसंख्या नियंत्रण कानून बनवाने के उद्देश्य से जनसंख्या समाधान फाउन्डेशन द्वारा उत्तर प्रदेश जनसंख्या अभियान के अंतर्गत प्रदेश के 66 जिलों में जाने वाली जनसंख्या समाधान यात्रा का आज 4 दिसम्बर को हवन और असदास के बाद संगठन के गाजियाबाद साहिबाबाद स्थित कार्यालय से चलकर मुरादनगर, मोदीनगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर सहारनपुर, नोयडा, मुरादाबाद, औरया, कानपुर, कन्नौज आदि 42 जिलों में होते हुए एवं स्वागत और सभा करते हुए प्रयागराज की सीमा में प्रवेश कर गई जहां सिविल लाइंस के पत्थर गिरजाघर के मैदान पर सोमवार को सभा का आयोजन जनसंख्या समाधान फाउंडेशन की प्रदेश महामंत्री महिला विंग उत्तर प्रदेश शिखा खन्ना के नेतृत्व में किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौधरी जी ने सभा को संबोधित किया। राष्ट्रहित में जारी इस यात्रा का संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने जगह जगह स्वागत किया।
सभा में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि अशिक्षा और आठ-आठ बच्चे पैदा करने की प्रवृत्ति के कारण देश में जनसंख्या का असंतुलित और अनियंत्रित विस्फोट हो रहा है। जिससे देश में बेरोजगारी, गरीबी, भुखमरी और कुपोषण बढ़ रहा है। भारत विश्व की लगभग 18% जनसंख्या का भार वहन कर रहा है, जबकि आबादी के अनुपात में हमारा भूभाग बहुत कम यानि लगभग 2.4 % है और जल भी विश्व का मात्र 4% है। यही कारण है कि सरकार के तमाम उपायों के बावजूद भी देश में बेरोजगारी और गरीबी की समस्या बढ रही है।
प्रदेश अध्यक्ष महिला विंग रूचि गर्ग ने बताया कि जनसंख्या असंतुलन की इस समस्या के समाधान के लिए देश के सभी नागरिकों के लिए जाति, धर्म, क्षेत्र व भाषा से ऊपर उठकर समान रूप से एक कठोर जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू होना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि देश के इस गंभीर विषय पर सभी राजनीतिक दलों को एकजुट हो जाना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह नीलकंठ ने अपने संबोधन में कहा कि देश की जनता में इस विषय को लेकर एक अंडरकरंट चल रहा है जो कि दिन प्रतिदिन बढता ही जा रहा है और जो भी दल जनसंख्या नियंत्रण कानून का विरोध करेगा, देश की जनता उसका सफाया कर देगी।
जनसंख्या समाधान फाउन्डेशन अपने उत्तर प्रदेश जनसंख्या समाधान रथयात्रा अभियान के अन्तर्गत प्रदेश के 66 जिलों से निकालकर जिले-जिले सभा करके लोगों को एकजुट कर रहा है। 28 दिसम्बर को अयोध्या में प्रस्तावित समापन सभा सहित प्रदेश की बड़ी सभाओं में संगठन के मुख्य संरक्षक इन्द्रेश कुमार जी सहित देश व प्रदेश के अनेक महत्वपूर्ण लोग भी भाग लेंगे।
सभा को संगठन की राष्ट्रीय संयोजक ममता सहगल ने कहा कि जातिवाद की गहराती जड़ें देश के लिए खतरनाक हैं। भारत को अखंड भारत बनाकर भारतीय संस्कृति को विश्व का मार्गदर्शक बनाना है तो जातिवाद से ऊपर उठकर कण कण में श्रीराम को खोजने और मानने वाली संस्कृति को आपस में वैमनस्य समाप्त करके एकजुट होना ही होगा। जनसंख्या समाधान फाउन्डेशन पिछले 8 वर्षों से जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को लेकर देशभर में शांतिपूर्ण अभियान चला रहा है। इस अभियान को केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह सहित 125 सांसदों का समर्थन प्राप्त है। देश के 23 राज्यों के लगभग 300 जिलों में संगठन द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है। विगत वर्ष से छोटी दीपावली को प्रतिज्ञा दिवस के रूप में मनाकर संगठन के हजारों कार्यकर्ताओं ने जनसंख्या विस्फोट सहित राष्ट्र की समस्त समस्याओं के समाधान और भारत का गौरव, सम्मान व संस्कृति अक्षुण्ण रखने तथा अखंड भारत बनाने का संकल्प लिया है।
हाल ही में उत्तर प्रदेश राज्य विधि आयोग द्वारा प्रस्तावित जनसंख्या ड्राफ्ट की एकल बच्चा प्रोत्साहन नीति और अन्य खामियों को दूर करने के लिए प्रदेश के सभी जिलों के संगठन के कार्यकर्ताओं ने राज्य के मुख्यमंत्री जी को पत्र लिखकर उसका समाधान सुझाया था, जिस पर अमल करते हुए उन्होंने आवश्यक संशोधन के लिए सम्भवतः वह ड्राफ्ट फिलहाल रोक दिया है। संगठन के कार्यकर्ता यह अपेक्षा करते हैं कि सरकार समय रहते यह कानून बनाए और अगर अभी ऐसा करने में कोई तकनीकी व्यवधान हो तो इस विषय को अपने घोषणापत्र में शामिल करके नई सरकार का गठन होने पर सर्वप्रथम राष्ट्रहित का सर्वाधिक महत्वपूर्ण और अति आवश्यक जनसंख्या विषयक कानून बनाकर उसे लागू करे।
रथयात्रा में आए राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों को आश्वस्त करते हुए संगठन की महासचिव शिखा खन्ना ने कहा कि अयोध्या की समापन सभा में प्रयागराज के सैकड़ों लोग 28 दिसम्बर को अयोध्या में ना केवल पहुचेगे अपितु जब तक जनसंख्या नियंत्रण कानून नहीं बन जाता घर घर जाकर जनता को जागरूक करते रहेंगे । किन्नर अखाडा प्रयागराज की महामंडलेश्वर स्वामी कल्याणीनंद गिरि ने कहा कि बढती हुई जनसंख्या को रोकने के लिए जागरूकता सबसे जरुरी है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस व्यापक अभियान की सफलता के लिए समाज के लोगों को आगे आना होगा। इस कार्यक्रम में जनसंख्या समाधान फाउंडेशन की मंडल अध्यक्षा रंजना सिंह, जिलाध्यक्ष सुनीता चोपडा, किन्नर अखाडा प्रयागराज की महामंडलेश्वर स्वामी कल्याणीनंद गिरि, महंत राधिका जी,
सरस्वती निषाद, राष्ट्रीय महासचिव धर्मेन्द्र धामा, सुनील शर्मा, रविन्द्र गुर्जर, राष्ट्रीय सहसंयोजक कविता सिरोही, शैलेश तोमर, विनोद भाटी आदि सैकड़ो की संख्या में लोग मौजूद रहे।