प्रयागराज। जनपद के कोरांव तहसील अंतर्गत भलुहा गांव के करवालपुर मजरे का निवासी बीते शुक्रवार को जांच में कोरोना पॉजिटिव आने से हड़कम्प मच गया। पूरा प्रशासनिक अमला सम्बंधित गांव पहुंच गया और गांव को सेनेटाइज कराने के साथ ही हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया।
कोरांव तहसील में पहले मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव होने से क्षेत्र में भी हड़कम्प मच गया है। उक्त गांव निवासी भगवान दास यादव का पुत्र रोहित यादव बीते 20 अप्रैल को मुम्बई से आया था, जिसको सूचना पर गोपाल विद्यालय इंटर कालेज में 26 अप्रैल को क्वारेंटाइन किया गया था। तीन दिन पूर्व क्वारेंटाइन सेंटरों से 147 लोगों का सेम्पल जांच के लिए भेजा गया था। जिनकी रिपोर्ट शुक्रवार को आई, जिसमें रोहित यादव के पॉजिटिव होने की खबर की पुष्टि हुई। उपजिलाधिकारी संदीप वर्मा प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार स्वास्थ विभाग की टीम के साथ गांव पहुचे और पूरे गांव को सेनेटाइज कराते हुए हाटस्पॉट इलाका घोषित किया गया। अफसरों की टीम अब यह पता लगाने में जुटी हुई है कि आखिर मुम्बई से आने के बाद रोहित कितने लोगों के सपंर्क में आया। जानकारी मिलने पर अभी सम्बंधित व्यक्तियों को भी क्वारेंटाइन कराए जाने की तैयारी की जा रही है।
एसडीएम ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी के लिए गांव में जांच पड़ताल की जा रही है। जिन लोगांे के रोहित के संपर्क में आने की जानकारी मिलेगी उन सबको क्वारेंटाइन कराया जाएगा। एसडीएम ने बताया कि गांव की सीमा को एक किलोमीटर तक पूरी तरह से सील किया जा रहा है। हालांकि अभी भी सैकड़ों लोगांे की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। फिलहाल कोरांव में पहला कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कम्प मचा हुआ है। इसके अलावा अब क्वारेंटाइन सेंटरों में रहने वाले लोगों मंे भी पॉजिटिव मिलने से दहशत का माहौल दिख रहा है।