आवास प्लस सर्वे के उन्मुखीकरण गोष्ठी में बोले विधायक
कोरांव /प्रयागराज। गांवो के संपूर्ण विकास हुए बिना देश व प्रदेश की तरक्की अधूरी है। जब तक हमारे गांव विकसित नहीं होंगे तब तक देश विकसित देशों की श्रेणी में अग्रणी भूमिका नहीं निभा सकेगा। यह बातें विकासखंड मुख्यालय कोरांव परिसर में आयोजित प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत आवास प्लस सर्वे 2024 को लेकर आयोजित उन्मुखीकरण गोष्ठी को संबोधित करने के दौरान बतौर मुख्य अतिथि कही। विधायक राजमणि कोल ने कहा हमारी प्राचीन परंपरा में सरोवरों का अत्यधिक महत्व था। जिनका अस्तित्व आज खतरे में है। गांवो की महिलाएं सरोवरों के पानी को तरासने का काम करती थी कि किस तालाब के पानी से दाल अच्छी पकेगी और चावल धोने से लेकर नहाने कपड़े धोने आदि काम में सरोवरों का प्रयोग किया जाता था। लेकिन आज यह परंपराएं विलुप्त हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्राचीन परंपराओं व सभ्यताओं को जागृत करने के लिए अमृत सरोवर योजना का शुभारंभ कर प्रत्येक गांवो में तालाबों का सौंदर्यीकरण कराने का काम कर रही है। विधायक ने कहा केंद्र व प्रदेश में डबल इंजन की सरकार लगातार विकास के पहिए को दौड़ाने का काम कर रही है। उन्होंने आवास प्लस सर्वे को लेकर जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति सर्वे सूची में छूटना नहीं चाहिए। खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने उन्मुखीकरण गोष्ठी में उपस्थित रहे ग्राम प्रधानों व अन्य जिम्मेदारों को पात्रता व अपात्रता की श्रेणी को बताते कहा कि पिछले सर्वे सूची के अनुसार इस बार के सर्वे में शासन की ओर से थी ढील दी गई है। ऐसे में उन्होंने बताया कि ढाई एकड़ सिंचित भूमि तथा तीन पहिया व चार पहिया वाहन अथवा बैंक में केसीसी ऋण होने पर व्यक्ति आवास सूची से अपात्र हो जाएगा। इसी तरह उन्होंने ग्राम प्रधानों को पात्रता सूची का विवरण बता कर आवास सूची तैयार करने की बात कही। कार्यक्रम को प्रमुख रूप से भाजपा नेता बाबुआन द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष राजेश्वरी प्रसाद तिवारी, मंडल अध्यक्ष संजय सिंह पटेल, मंडल अध्यक्ष रेवती पाल, शिवाकांत पांडेय, कमलेश शुक्ला, भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला महामंत्री संतरा देवी बिंद, ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष रामानुज यादव, ग्राम प्रधान रमाकांत सिंह, ग्राम प्रधान मनीराम शुक्ल, समेत कई वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन एडीओ आईएसबी रामेश्वर सिंह ने किया। उन्मुखीकरण गोष्ठी में भारी संख्या में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व आम नागरिक मौजूद रहे।
निधि से बने सभा कक्ष का विधायक ने किया लोकार्पण
विकासखंड परिसर कोरांव में ग्राम प्रधानों के बैठने व सभा करने के लिए विधायक निधि से निर्मित कराए गए सभा कक्ष का विधायक राजमणि कोल ने लोकार्पण किया। विधायक ने कहा कि सभा कक्ष बनकर तैयार होने से अब ग्राम प्रधानों को बैठने व सभा करने में दिक्कतें नहीं होगी। विधायक निधि से निर्मित भवन का लोकार्पण करने के बाद प्रधान संघ के अध्यक्ष रामानुज यादव, उपाध्यक्ष वेद प्रकाश सिंह, समेत विकासखंड के सभी ग्राम प्रधानों ने विधायक का आभार व्यक्त किया। इस दौरान प्रमुख रूप से विधायक पीआरओ रामाश्रय शुक्ल, रिंकू दुबे समेत भारी संख्या ग्राम प्रधान व अन्य लोग मौजूद रहे।