प्रयागराज। इलाहाबाद दौरे पर आये मुख्यमंत्री ने गहराते रोजगार संकट के हल के लिए आंदोलन कर रहे। छात्रों से न सिर्फ वार्ता नहीं की बल्कि इस गंभीर मुद्दे पर मौन रहने से युवाओं में भारी रोष है। अब प्रदेश व्यापी आंदोलन की रणनीति बनाने के लिए दुर्गा पूजा पार्क, सलोरी में 2 फरवरी की सायं बैठक होगी।
उक्त जानकारी युवा मंच के अध्यक्ष अनिल सिंह ने दी। पदाधिकारियों की बैठक में मौजूद युवा मंच के संयोजक राजेश सचान ने कहा कि रोजगार संकट के समाधान के लिए सरकार बुरी तरह विफल रही है। प्रदेश में बेरोजगारी की समस्या गंभीर होती जा रही है। लेकिन सरकार का रवैया इतना लचर व अगंभीर है कि तीन साल में पुलिस व प्रशासनिक सेवा को छोड़कर एक भी न ई भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं किया गया।
प्रदेश में लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला हो रहा है, शांतिपूर्ण आंदोलनों का भी दमन जारी है। प्रदेश पुलिसराज में तब्दील हो गया है। अब मुख्यमंत्री को अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक हक नहीं है। उन्हें तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। इन तमाम मुद्दों पर 29 फरवरी को लखनऊ में राज्य स्तरीय सम्मेलन कर प्रदेशव्यापी आंदोलन का आगाज किया जायेगा, जिसमें सर्वाधिक महत्वपूर्ण मुद्दा बेरोजगारी की समस्या है।