प्रयागराज। केन्द्रीय कारागार नैनी से निरूद्ध एक विचाराधीन कैदी की रविवार दोपहर उपचार के दौरान स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में मौत हो गई। चिकित्सकों की सूचना पर पुलिस ने विधिक कार्रवाई की।
करछना थाना क्षेत्र के घटवा गांव निवासी सुनील कुमार भारतीया 19वर्ष पुत्र विहारीलाल दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा था। वह शादी विवाद में लाइट का कारोबार करके अपने पिता का सहयोग करता था। बताया जा रहा है कि कौधियारा थाना क्षेत्र के मवैया गांव में 25 मार्च 2029 को लाइट लगाने के लिए गया। जहां शादी के दौरान रात में उसे लोगों ने छेड़खानी करने के मामले में मारपीट करके पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके केन्द्रीय कारागार नैनी जेल भेज दिया। मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। उक्त जानकारी देते हुए मृतक की मां उर्मिला ने बताया कि शनिवार की सुबह उसकी अचानक जेल में तबियत खराब हो गई। उसे उपचार के लिए बन्दी रक्षकों ने पहले जेल परिसर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन हालत गम्भीर होने की वजह से उसे तत्काल स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के लिए भेज दिया। जहां उपचार के दौरान रविवार दोपहर उसकी मौत हो गई। शव को चिकित्सकों ने अन्त्य परीक्षण के लिए पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।