कांगो सरकार ने मृतकों की संख्या बढ़ाई, कहा- किशिशे शहर में हुए नरसंहार में 272 लोगों की हुई थी मौत

कांगो के किशिशे शहर में पिछले सप्ताह हुए नरसंहार में 272 लोगों की मौत हो गई। समाचार एजेंसी रॅायटर्स के मुताबिक, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो की सरकार ने सोमवार को कहा कि पिछले सप्ताह किशिशे के पूर्वी शहर में एक नरसंहार में 272 नागरिक मारे गए थे, मरने वालों की संख्या पिछले अनुमान 50 से बढ़ गई है।

कांगो की सरकार ने एम-23 विद्रोही समूह पर हत्याओं का आरोप लगाया है। हालांकि, एम-23 विद्रोही समूह ने इस आरोप का खंडन किया है। सरकार ने यह भी कहा कि विद्रोहियों को रवांडन सेना (Rwandan army) के सदस्यों का समर्थन प्राप्त है। कांगो की सरकार द्वारा बार-बार यह आरोप लगाया जाता रहा है, जिसका रवांडा ने लगातार खंडन किया है। बता दें कि कांगो सरकार की सेना और एम23 (तुत्सी के नेतृत्व वाली मिलिशिया) के बीच देश के पूर्वी क्षेत्रों में महीनों से लड़ाई चल रही है।

उद्योग मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताई मृतकों की संख्या
कथित नरसंहार 29 नवंबर को उत्तरी किवु प्रांत के किशिशे में हुआ था। मृतकों की संख्या की घोषणा कांगो के उद्योग मंत्री जूलियन पालुकु (Julien Paluku) ने सरकार के प्रवक्ता पैट्रिक मुयाया के साथ एक प्रेस वार्ता में की। मुयाया ने कहा कि मैं हमले का ब्योरा नहीं दे सकता। लेकिन उन्होंने कहा कि अटॉर्नी जनरल ने जांच शुरू कर दी है और हम जांचकर्ताओं के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे में मुझे सिर्फ इतना पता है कि एक एडवेंटिस्ट चर्च और एक अस्पताल में बच्चों को मार दिया गया था।

संघर्ष विराम को लेकर एम23 को जारी किया गया था अल्टीमेटम
संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि पिछले हफ्ते उसे किशिशे में एम23 और स्थानीय मिलिशिया (नागरिक सेना) के बीच संघर्ष के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों के मारे जाने की रिपोर्ट मिली थी, लेकिन आंकड़े नहीं दिए गए। अंगोला में हाल ही में हुई बैठक में स्थानीय नेताओं ने संघर्ष विराम को लेकर अल्टीमेटम जारी करते हुए कहा था कि हाल के महीनों में एम23 ने जिन शहरों पर कब्जा कर लिया है, वहां से भी उसे हटना होगा, नहीं तो पूर्वी अफ्रीकी क्षेत्रीय बल इसमें हस्तक्षेप करेंगे।

संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों के एक समूह ने कहा कि इस साल उसके पास इस  बात के ठोस सबूत हाथ लगे थे कि रवांडा के सैनिक एम23 के साथ लड़ रहे थे और उसे हथियार और अन्य समर्थन प्रदान कर रहे थे। लेकिन रवांडा ने इस आरोप से इनकार कर दिया। वहीं, अपने ऊपर हुए हमले को लेकर एम23 ने कहा कि दुश्मन की गठबंधन सेना ने उसके 21 लड़ाकों को मार गिराया है जबकि आठ नागरिक गोलीबारी की घटना के दौरान मारे गए हैं।

बता दें कि कांगो और रवांडा के नेताओं ने संकट को हल करने का प्रयास करने के लिए कई बार मुलाकात की है। हाल ही में लुआंडा में वे संघर्ष विराम पर सहमत हुए थे, लेकिन उसके बाद भी लड़ाई जारी है।

Related posts

Leave a Comment