महिला टी20 विश्व कप खत्म हो चुका है। 17 दिन तक चले इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलियाई टीम चैंपियन बनी। उसने फाइनल में मेजबान दक्षिण अफ्रीका को 19 रन से हराकर खिताब जीता। अब चार मार्च से विमेंस प्रीमियर लीग की शुरुआत होगी, जिसके लिए सभी खिलाड़ी भारत पहुंच चुके हैं। विमेंस प्रीमियर 26 मार्च तक खेला जाएगा और पांच टीमें मुंबई के दो स्टेडियम-डीवाई पाटिल और ब्रेबोर्न में भिड़ेंगी।
इस लीग के लिए धीरे-धीरे सभी फ्रेंचाइजी अपने कप्तान की घोषणा कर रही है। हाल ही में यूपी वॉरियर्स ने ऑस्ट्रेलिया की ओपनर एलिसा हीली को टीम का कप्तान नियुक्त किया था। अब उनकी साथी ओपनर बेथ मूनी को गुजरात जाएंट्स ने अपना कप्तान बनाया है। बेथ मूनी महिला टी20 वर्ल्ड कप में तीसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रही थीं। महिला टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा रन मूनी ने ही बनाए थे। उन्होंने इस टूर्नामेंट में छह मैचों में 51.50 की औसत और 117.71 के स्ट्राइक रेट से 206 रन बनाए थे। इनमें तीन अर्धशतक शामिल है। उनका सर्वोच्च स्कोर 74 रन का रहा था। पूरे टूर्नामेंट में मूनी ने 26 चौके और दो छक्के लगाए। मूनी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में नाबाद 74 रन की पारी खेली थी। इस पारी के साथ ही उन्होंने इतिहास भी रच दिया था। मूनी दो टी20 विश्व कप फाइनल में अर्धशतक लगाने वाली दुनिया की पहली महिला खिलाड़ी बनीं। इससे पहले 2020 टी20 विश्व कप के फाइनल में मूनी ने भारत के खिलाफ नाबाद 78 रन बनाए थे। भारत की ही ऑलराउंडर स्नेह राणा को टीम का उपकप्तान बनाया गया है।