प्रयागराज। सर्किट हाउस, प्रयागराज में रात्रि विश्राम के बाद गंगा यात्रा कौशाम्बी की ओर रवाना हुई। उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, जलशक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह, ग्राम विकास मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह ने गंगा रथ से गंगाजी के पुनरूद्धार का संदेश देते हुए यात्रा का आरम्भ किया।
गंगा यात्रा के दौरान जगह-जगह गंगाजी के प्रति आस्था रखने वाले बच्चों, युवाओं व बुजुर्गों के समूह ने यात्रा का स्वागत किया। लोगों ने चैराहों पर सजावट करके, मानव श्रृंखला बनाकर, पुष्प वर्षा, शंख व घंटा-घड़ियाल बजाकर गंगा यात्रा से मिलने वाली प्रेरणा को प्रदर्शित किया। सम्पूर्ण यात्रा के दौरान मां गंगा के जयघोष से रास्ते गुंजायमान हो गये। इस प्रकार गंगा यात्रा अविराम रूप से जनपद कौशाम्बी की ओर रवाना हुई। यात्रा का समापन 31 जनवरी को गंगा बैराज कानपुर में होगा। यात्रा के दौरान सांसद फूलपुर केशरी देवी पटेल, प्रयागराज की महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी, विधायक शहर उत्तरी हर्षवर्धन वाजपेयी, महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके पूर्व मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सहित कई मंत्रियों ने संगम में स्नान एवं मां गंगा का पूजन व आरती के उपरान्त गुब्बारे छोड़कर स्वच्छता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने पतंग भी उड़ायी तथा गंगा किनारे बनाये गये सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाकर समाज के सभी लोगों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने की भावना का प्रदर्शन किया। आस्था, संस्कृति, परम्पराओं व सामाजिक कार्यकलापों के इस अद्भुत संगम में मुख्यमंत्री ने गंगा किनारे आयोजित सभी कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए समाज के साथ चलने का संदेश दिया।