कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 2024 में आगामी लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की फूलपुर सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी। फूलपुर गांधी परिवार का गढ़ है क्योंकि जवाहरलाल नेहरू ने यहां से 1952, 1957 और 1962 में लगातार तीन चुनाव जीते थे। यह यूपी में गांधी परिवार का गढ़ कही जाने वाली तीन सीटों में से एक है, बाकी दो सीटें रायबरेली और अमेठी है। हालांकि, प्रियंका को किस संसदीय क्षेत्र से मैदान में उतारा जाएगा, इस पर अंतिम फैसला होना अभी बाकी है।
सूत्रों का कहना है कि अगर पार्टी विधानसभा चुनाव में सत्ता में आती है तो कांग्रेस मध्य प्रदेश के जबलपुर से प्रियंका को टिकट भी दे सकती है। इससे पहले, गांधी परिवार के वाराणसी से चुनाव लड़ने की खबरें भी सामने आई थीं, जहां प्रधानमंत्री मोदी पिछले दो चुनावों से जीत रहे हैं। कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख अजय राय ने भी कहा कि उनके वाराणसी से चुनाव लड़ने की संभावना है। अगर प्रियंका को लेकर सहमति बनती है तो कहीं ना कहीं फूलपुर या फिर जबलपुर से वह इंडिया गठबंधन की उम्मीदवार हो सकती हैं। लेकिन अभी कांग्रेस पार्टी की ओर से इस बात का भी खुलासा नहीं किया गया है कि प्रियंका गांधी लोकसभा चुनाव लड़ेंगी या नहीं। हालांकि, प्रियंका के पति रॉबर्ट वाड्रा कई बार कह चुके हैं कि वह लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं।
फूलपुर से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भी चुनाव लड़ने की संभावना है। लगातार मीडिया में इसकी चर्चा भी हो रही है। अगर प्रियंका वहां से उतरती हैं तो कहीं ना कहीं नीतीश को लेकर जो चर्चा है वह कम हो जाएंगी। फूलपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से लगातार पोस्टर्स लगाए जा रहे हैं। दावा किया जा रहा है की उम्मीद की आंधी प्रियंका गांधी। इन पोस्टर्स ने सियासी गलियारे में एक अलग ही चर्चा तेज कर दी है। इसके साथ ही इस बात की भी चर्चा है कि अगर सोनिया गांधी रायबरेली से चुनाव नहीं लड़ती हैं तो प्रियंका गांधी वहां से मैदान में उतर सकती हैं। फिलहाल प्रियंका गांधी को लेकर अलग-अलग चर्चाएं हैं। लेकिन आखिरी फैसला उनकी पार्टी को लेना है।