अखिलेश बोले- BJP को हटाने के लिए क्षेत्रीय दलों का सहयोग करे कांग्रेस

सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को हटाने के लिए आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को क्षेत्रीय पार्टियों का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने अपने संगठनात्मक उद्देश्यों को सामने रखते हुए माफिया अतीक अहमद के मामले पर भी बेबाकी से बात रखी। उन्होंने कहा कि सरकार को यह बताना चाहिए कि फूलपुर उपचुनाव लड़ने के लिए देवरिया जेल में बंद अतीक अहमद के नामांकन के कागज किस भाजपा नेता ने पूरे कराए।

सवाल: सत्ता पक्ष कहता है कि अतीक को सपा ने आगे बढ़ाया।
जवाब: अतीक ने वर्ष 2018 में फूलपुर संसदीय उपचुनाव लड़ा। उस समय वह देवरिया जेल में बंद थे। सरकार बताए कि अतीक के पर्चा भरने के लिए जरूरी कागज भाजपा के किस नेता ने पूरे करवाए।
भाजपा इस तरह के मामले इसलिए उठाती है कि महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ते अपराधों से आम जनता का ध्यान हटा सके। जनता को प्रदेश में निवेश की हकीकत बताने से बच सके।

सवाल: लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ विपक्षी पार्टियों का मोर्चा होगा या कांग्रेस के बिना?
जवाब: सपा का गठन, भाजपा और कांग्रेस के खिलाफ हुआ है। हम डॉ. राममनोहर लोहिया, डॉ. भीमराव अंबेडकर और नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के सिद्धांतों पर चलने वाले हैं। आज पूरा देश बदलाव चाहता है। तमिलनाडु में एमके स्टालिन, तेलंगाना में के. चंद्रशेखर राव, पश्चिमी बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी मजबूत हैं। यूपी में सपा मुख्य विपक्षी दल है। इसलिए जिस राज्य में जो क्षेत्रीय पार्टी मजबूत है, कांग्रेस को वहां उस पार्टी को समर्थन करना चाहिए।

सवाल: क्या कांग्रेस इसके लिए तैयार होगी?
जवाब: यह तो कांग्रेस ही बता सकती है। पर इतना ही कहूंगा कि क्षेत्रीय पार्टियों से राष्ट्रीय पार्टी को कोई खतरा नहीं होता है। अलबत्ता राष्ट्रीय पार्टी, क्षेत्रीय पार्टियों को नुकसान जरूर पहुंचा सकती हैं।

Related posts

Leave a Comment