नगर विकास मंत्री ने माघी पूर्णिमा स्नान के बाद किया संगम क्षेत्र में स्वच्छता कार्यों का निरीक्षण*
सिविल लाइन स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद सफाई मित्रों को किया सम्मानित*
–
*प्रयागराज।
नगर विकास विभाग के मंत्री एके शर्मा ने कहा कि, इस महाकुंभ ने हमारी अर्थव्यवस्था, तकनीकी और सांस्कृतिक विरासत में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि, स्वच्छता की महक और बिजली की चमक इस महाकुंभ की पहचान बन गई। सफाई कर्मियों और हमारे बिजली विभाग के कर्मचारियों के योगदान की प्रशंसा करता हूं। नगर विकास मंत्री श्री शर्मा ने माघी पूर्णिमा के स्नान के बाद बुधवार रात और फिर गुरुवार सुबह स्वच्छता कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद सिविल लाइन स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे और वहां दर्शन-पूजन किए।
हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद मंत्री एके शर्मा ने सफाई मित्रों को सम्मानित किया। महिला सफाई मित्रों को शॉल और पुरुषों को ट्रैक सूट भेंट किए। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए नगर विकास मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि, इस बार का महाकुंभ आधुनिक भारत में हो रहा है। जल हो या थल हो, इसमें मानवीय प्रयासों के साथ ही मशीनों का भी बहुत उपयोग किया गया है। इनके परिणाम से पानी में इतनी स्वच्छता है कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही विदेशों से आए लोगों ने भी प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि, स्वच्छता कर्मी गंदगी उठाते हुए भी सितारों की तरह चमकते आसमान से दिखाई दिए हैं। उनको नमन करता हूं। साधु-संतों को बहुत संतोष है इस महाकुंभ के आयोजन से। स्वच्छता कर्मियों, बिजली कर्मियों की पुरुषार्थ का परिणाम है कि इतना अच्छा महाकुंभ हुआ।
*महाकुंभ में टेक्नोलॉजी का किया भरपूर उपयोग*
मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि, इसी तरह से हमने इस महाकुंभ में टेक्नोलॉजी का भरपूर उपयोग किया है। पेयजल की बर्बादी न हो, इसके लिए 250 जगहों पर वॉटर एटीएम भी लगाए हैं। जैसे ही आपका बर्तन भर जाता है, टोटी खुद बंद हो जाती हे। पहले जैसे टंकियों के आसपास पानी भर जाता था। लोगों को उसके पास जाने का मन नहीं करता था। अब आपको वैसा दृश्य नहीं दिखेगा। फालतू पानी नहीं बहता। इस तरह की बारीक बातों पर ध्यान दिया गया है। जहां टोटी लगी है, वहां भी निकासी के लिए पर्याप्त ड्रेनेज की व्यवस्था है। पूरी दुनिया के लोग गरीब हों, अमीर हों, महिला-पुरुष, युवा या बुजुर्ग या फिर विपक्षी पार्टियों के लोग, उन्होंने भी प्रशंसा की है कि स्वच्छता की बहुत अच्छी व्यवस्था है।
*सफाई मित्रों ने देश ही नहीं, दुनिया भर में सिर किया ऊंचा*
नगर विकास मंत्री ने कहा कि, प्रयाग की पावन धरती पर देश दुनिया के 48 करोड़ से ज्यादा लोग आए थे। माघी पूर्णिमा की ही बात करें तो 2 करोड़ 10 लाख लोगों के स्नान करने का अनुमान है। दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा देश है अमेरिका, उसकी डेढ़ गुना आबादी हुई। उन्होंने कहा कि, ऐसी स्थिति में सफाई, शौचालय की बात करें तो इनकी व्यवस्था काफी महत्वपूर्ण हो जाती हे। मैं इससे जुड़े सभी सफाई कर्मियों का, अधिकारियों, कर्मचारियों और इससे जुड़े सभी लोगों का धन्यवाद करता हूं कि उहोंने बहुत ही उत्कृष्ट कार्य किया है। इन लोगों ने भारत, उत्तर प्रदेश का सिर ऊंचा किया हे। इसी तरह बिजली विभाग ने भी ऐसा काम किया है कि लोगों ने ही तारीफ नहीं की, बल्कि सेटेलाइट के जरिए अंतरिक्षा से भी भव्य रूप दिखाई दिया है। उनको भी बधाई दूंगा।
*प्रयागराज को हमेशा विश्वस्तरीय बनाए रखना होगा*
मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि, माघ महीने में प्रयाग के तीर्थराज की बहुत महिमा गाई गई है। शुरुआत से ही माघ में देव, नर, किन्नर सभी लोग आते है। अंत में यह भी कहा गया हे कि माघ मास पूर्ण होता है तो सभी देवता यहां से आनंदित होकर जाते हैं। माघी पूर्णिमा के साथ तकनीकी रूप से कहा जाए तो माघ मास पूरा होता हे, लेकिन अभी शिवरात्रि तक महाकुंभ चलेगा। सभी संतों का भी नमन करता हूं कि उनके हवन, पूजन और औरा से इतना पवित्र वातावरण बन सका। मंत्री एके शर्मा ने कहा कि, महाकुंभ में आए लोग स्वच्छता की एक छवि लेकर गए हैं। इसे बनाने के लिए नगर निगम और नगर विकास विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों ने बहुत मेहनत की है। इसे आगे भी बनाए रखना होगा। अब यही सबसे बड़ी चुनौती है कि प्रयागराज की यह छवि विश्वस्तरीय बनी रहे।
नगर निगम आयुक्त चंद्रमोहन गर्ग ने कहा कि, सफाई मित्रों और सभी कर्मचारियों ने महाकुंभ के साथ शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए कड़ी मेहनत की है। इस सबके लिए हमारे स्वच्छता मित्र प्रशंसा और सम्मान के हकदार हैं। उनकी मेहनत ही है कि इतना सुंदर रूप इस महाकुंभ को हम दे सके, लेकिन अभी परीक्षा पूरी नहीं हुई है। नगर आयुक्त ने कहा कि, इस स्वच्छता को बनाए रखना अब सबसे बड़ा काम और चुनौती है। इसके लिए हमे लगातार प्रयास करते रहना होगा। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त दीपेंद्र यादव, अपर नगर आयुक्त अरविंद कुमार राय, जोनल अधिकारी संजय ममगई सहित नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।