विधानसभा चुनाव के बाद से समाजवादी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज में पड़ी दरार बढ़ती जा रही है। सपा और सुभासपा के बीच बढ़ रही दरार के अब राजभर के नए ठिकाने को तलाशने की चर्चा शुरू हो गई। ओपी राजभर कई बार अखिलेश यादव पर तंज कस चुके हैं। राजभर लगातार अखिलेश यादव पर एसी कमरे में बैठकर राजनीति करने का आरोप लगाते रहे हैं। अब राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू का समर्थन नहीं करने को लेकर भी राजभर ने अखिलेश को घेरा है। इतना ही नहीं राजभर ने मायावती को लेकर भी बड़ी बात कह दी है। राजभर ने कहा है कि अखिलेश यादव जिस दिन कह देंगे कि आप जाओ तो उसी दिन मायावती का दरवाजा खटखटा देंगे।
शनिवार को सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक ओमप्रकाश राजभर ने सर्किट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि अखिलेश यादव बार-बार अनदेखी कर रहे हैं। ओपी राजभर ने कहा, आजमगढ़ उपचुनाव में सपा प्रत्याशी की कम वोटों से हार हुई। यदि सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव प्रचार करने गए होते तो हम लोग वो सीट जीत जाते। इस कारण राष्ट्रपति चुनाव में यशवंत सिन्हा को सपा ने सर्मथन देने के लिए बुलाया, लेकिन मुझे नहीं बुलाया। मुख्यमंत्री व गृहमंत्री ने राष्ट्रपति के लिए द्रोपदी मुर्मू के समर्थन के लिए अनुरोध किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप दलित, पिछड़े व अल्पसंख्यक की बात करते हैं। द्रोपदी मुर्मू जाति व्यवस्था में सबसे निचले पायदान से आती हैं और महिला भी हैं। आप इनका समर्थन करिए। मैंने इसके बाद समर्थन किया। उन्होंने कहा कि काशी से मैंने राजनीति शुरू की है। पहली बार चार और इस बार छह जीते। अब पार्टी के लोगों को सांसद बनाने में जुटा हूं।