प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के दृश्य कला विभाग में बीएफए चतुर्थ वर्ष के छात्र विमल जोशी के ग्राफिक्स-पेंटिंग की कलाकृतियों की प्रदर्शनी का उद्घाटन बुधवार को निराला आर्ट गैलरी, डेलीगेसी में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के दृश्य कला विभाग के अध्यक्ष प्रो. अजय जेटली एवं अंग्रेजी विभाग इविवि के पूर्व अध्यक्ष प्रो. सुरेश चंद दुबे ने किया।
इस अवसर पर उन्होंने विमल की कलाकृतियों की प्रदर्शनी की सराहना करते हुए उसे भविष्य का एक होनहार कलाकार बताया। इविवि के सहायक कुलसचिव ए.के सिंह, अजय सिंह, अमित तिवारी, पूरन चंद जोशी, जगदीश जोशी, विशन सिंह, सी.पी जोशी, दिनेश बिष्ट, मनोज बिष्ट, कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष संजय तिवारी, कुलपति के सचिव रवि सिंह एवं अन्य कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं ने कलाकृतियों की सराहना की।
मूलतः उत्तराखंड के जनपद बागेश्वर के गागरीगोल के निवासी इलाहाबाद विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत पूरन चंद जोशी के पुत्र विमल ने अपनी कलाकृतियों में प्रकृति से जुड़े दृश्यों एवं समसामयिक विषयों को प्रमुखता दी है। विमल की उत्कृष्ट कलाकृतियों की प्रदर्शनी 5 एवं 6 मार्च को पूर्वाह्न 11 बजे से 5 बजे तक कला प्रेमियों एवं जन सामान्य के लिए खुली रहेगी।