प्रयागराज। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रयास से देश में राष्ट्रीयता का भाव जैसे पुष्ट हुआ, वैसे ही समरसता का भाव भी पुष्ट हुआ है। समरसता और राष्ट्रीयता से ही सम्पूर्ण दुनिया में भारत माँ का गौरव भारत दुनिया के अंदर गौरवान्वित हो रहा है। यह हमारे देश के लिए गौरव की बात है।
उक्त बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के काशी प्रान्त के प्रांत प्रचारक रमेश ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रयाग दक्षिण की ओर से अरैल घाट नैनी पर आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में भारत माता और माँ गंगा की आरती तथा पूजन करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि जब समाज एकरस होगा तभी समाज समरस होगा और जब समाज समरस होगा तभी भारत समर्थ होगा। कहा कि ऐसी ही सोंच और विचार देश के सर्वांगीण विकास के लिए हों ऐसे प्रयास हम सभी को करने होंगे। अंधकार को क्यों धिक्कारे अच्छा हो एक दीप जलाएं, के भाव और संकल्प के साथ इसे लेकर चिंतन करने की आवश्यकता है। उन्होंने सियाचीन ग्लेशियर में देश के शत्रुओं से लड़ते लड़ते शहीद हुए कर्नाटक के जम्बा सैनिक हनुमन थप्पा समेत तमाम शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया। कहा कि आज ऐसे ही शहीदों और उनकी वीर पत्नियों की वजह से देश सुरक्षित है।
प्रान्त प्रचारक ने सभी से भारतीय संस्कृति के प्रति एकजुट होने का आह्वान किया। कहा कि आज हम सभी को अपने जीवन में भारतीय संस्कृति को उतारने की आवश्यकता है। गंगा तट पर दीप जलाने का उद्देश्य अंधकार को कोसना और धिक्कारना नही है बल्कि समाज में व्याप्त अंधकार, बुराइयों और कुरीतियों को मिटाना है। इसी संदेश के साथ हम सभी को मिलकर इस ओर विचार करने और संकल्प लेने की जरूरत है। उन्होंने मां गंगा और माँ भारती की आरती करने के साथ ही जनमानस को दीपावली, माँ गंगा का महत्व तथा देश की एकता अखंडता और सीमा पर डटे जवानों के शौर्य पराक्रम और बलिदान के बारे में बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सच्चा बाबा आश्रम के चंद्रदेव महाराज ने किया। इस मौके पर प्रयाग दक्षिण के नगरों की ओर से रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रंगोली में संघ के सभी नगरों के स्वयंसेवक परिवारों की माताओं और बहनों ने प्रतिभाग किया। अंत में सभी नगरों के स्वयंसेवकों ने त्रिवेणी तट पर दीपदान किया। इस अवसर पर 11 हजार दीप जलाए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति कुलदीप तिवारी द्वारा की गई। कार्यक्रम में विभाग कार्यवाह गंगादत्त जोशी, सह विभाग कार्यवाह संजीव, डॉ.राजबिहारी, विभाग प्रचारक कृष्ण चंद्र, सह विभाग प्रचारक डॉ. पीयूष, भाग कार्यवाह वीर कृष्ण, सह भाग कार्यवाह अजय, भाग प्रचार प्रमुख नरेंद्र एवं प्रयाग विभाग के स्वयंसेवक और आम जनमानस उपस्थित रहे। संचालन सह जिला कार्यवाह अजय ने किया।