राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों को कुचला जाता है। नौजवानों की नौकरी छीनी जाती है। प्रदेश के गन्ना मंत्री अपने ही जिले के गन्ना किसानों के साथ न्याय नहीं कर पा रहे हैं।
केंद्र की सरकार 14 दिनों में भुगतान का कानून भी खत्म करने पर आमादा है। किसान और समाजविरोधी सरकार की बुनियाद हिलानी है और प्रदेश से भाजपा की सत्ता को बदलना है।रविवार दोपहर बाद वह शामली जनपद के थानाभवन कस्बे के जैदी फार्म में पार्टी की परिवर्तन संदेश रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कमजोर लोगों के मकानों पर बुलडोजर चलवा रहे हैं। मुख्यमंत्री किसी पूंजीपति के साथ सख्ती दिखाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। किसानों का 14 दिन में गन्न भुगतान होना और नहीं होने पर ब्याज सहित भुगतान का प्रावधान है। इसके बावजूद किसानों का भुगतान नहीं हो रहा।गन्ने का दाम पंजाब और हरियाणा से भी कम दिया जा रहा है। उन्होंने किसानों से सवाल किया कि यदि मुख्यमंत्री चाहते तो किसानों का भुगतान रोकने का किस में दम था।केंद्र पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार बिजली कानून 2003 को बदलकर आम लोगों से बिजली का अधिकार छीनना चाहती है। वे 14 दिन में गन्ना भुगतान के अधिकार का कानून भी हटाना चाहते हैं। नीति आयोग ने दोनों ही कानूनों में बदलाव की सिफारिश कर दी है। नीति आयोग ने अपनी सिफारिश में कहा है कि किसानों का भुगतान किश्तों में किया जा सकता है। बिजली कानून में संशोधन के बाद बिल की कोई सीमा नहीं रहेगी और ना ही उस पर कोई नियंत्रण रहेगा। भाजपा की सरकार को नहीं हटाया गया तो आप लोगों की आवाज कोई नहीं उठा पाएगा। इसलिए समझदारी दिखाओ और भाजपा को सत्ता से हटा दो। अब रालोद हर रविवार को बहुजन उदय अभियान चलाएगा।