लोकसभा चुनाव : हर एक वोट पर भाजपा की नजर

इलाहाबाद व फूलपुर संसदीय सीट पर कमल खिलाने के लिये निकली है भाजपाइयों की टोली
भारी मतों से लोस चुनाव में होगी जीत : डा विक्रम सिंह पटेल
प्रयागराज। अभी हाल में ही तीन राज्यों में हुई भाजपा की जीत के बाद भाजपाई उत्साहित हैं। इस जीत को भाजपाई मोदी सरकार की हैट्रिक की गारंटी मान रहे हैं। यही कारण है कि अभी से भाजपाइयों की नजर एक-एक वोटों पर है। वह एक-एक वोटों की गिनती कर रहे हैं। बूथ स्तर पर प्लानिंग की गई है। प्रत्येक विधानसभा में एक-एक संयोजक बनाए गए हैं जिन्हें जिम्मेदारी दी गई है कि वह बूथ व मंडल स्तर पर टीम बनाकर भाजपा को मजबूत बनाएं और आमजन से मुलाकात कर उन्हें भाजपा सरकार की उपलब्धियां के बारे में बताएं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता व शहर पश्चिमी के संयोजक डॉ. विक्रम सिंह पटेल के संयोजकत्व में आज से प्रतिदिन शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं के घर – घर जाकर उनको भाजपा की केन्द्र एवं प्रदेश सरकार के विकास कार्यों एवं अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए भाजपा के पक्ष में आगामी लोकसभा चुनाव में मतदान की अपील की जा रही है। उन्होंने
बताया कि हम लोग बूथ लेवल पर तैयारी कर रहे हैं। भाजपा के जो बहुत पुराने कार्यकर्ता व पदाधिकारी रहे हैं उनकी भी हम लोग टीम बना रहे हैं।उनसे राय ले रहे हैं व उनका मार्गदर्शन ले रहे हैं।
वरिष्ठ भाजपा नेता डा विक्रम सिंह पटेल ने बताया कि बूथ स्तर पर जो टीम बनाई गई है उसमें शामिल पदाधिकारी यह देख रहे हैं कि भाजपा के कितने वोट हैं और कौन वोटर नौकरी पेशे के लिए बाहर या दूसरे शहरों में गए हैं। लोकसभा चुनाव में वोट देने के लिए उन्हें अभी से आमंत्रित किया जा रहा है।ताकि वह चुनाव के दिन आकर यहां पर मतदान करें।
बता दें कि प्रयागराज की दोनों लोकसभा सीटों पर अभी भाजपा के ही सांसद हैं इलाहाबाद लोकसभा सीट पर प्रोफेसर डॉ. रीता बहुगुणा जोशी तो फूलपुर की सीट पर भाजपा की केसरी देवी पटेल सांसद हैं। अब 2024 के चुनाव में भाजपा किसे प्रत्याशी बना सकती है, इसे लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

Related posts

Leave a Comment