प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में महाप्रबंधक उपेन्द्र चंद्र जोशी की अध्यक्षता में राजभाषा पखवाड़ शुभारंभ कार्यक्रम तथा क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस उपलक्ष्य में महाप्रबंधक उपेन्द्र चंद्र जोशी ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलित कर राजभाषा पखवाड़ा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उपेन्द्र चंद्र जोशी ने कहा कि एक भाषा के रूप में हिंदी का विकास कई भाषाओं और अनेक बोलियों एवं उपभाषाओं को मिलाकर हुआ है। इसलिए इसे देश की मिली-जुली संस्कृति की भाषा माना जाता है और संविधान में सभी प्रमुख भारतीय भाषाओं के शब्दों को शामिल कर इसे समावेशी रूप देने की परिकल्पना की गई है। हिंदी के पास अपना अत्यंत विविधता वाला समृद्ध साहित्य है, जिसने सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय सरोकारों के लिए नई चेतना का संचार किया है। आज सूचना तकनीक, मीडिया, मनोरंजन, व्या
बैठक में मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर सतेन्द्र कुमार ने समिति के अध्यक्ष महाप्रबंधक उपेन्द्र चंद्र जोशी और सभी सदस्यों का स्वागत किया और राजभाषा के प्रयोग-प्रसार के लिए किए गए कार्यों और हासिल की गई उपलब्धियों से अवगत कराया। सतेन्द्र कुमार ने बताया कि साहित्यकारों और महापुरुषों की जयंती के अवसर पर कई साहित्यिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्यालय में उपन्यास सम्राट प्रेमचंद की जयंती पर उनके जीवन प्रसंग एवं साहित्यिक योगदान का चित्रण, गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती के उपलक्ष्य में झाँसी मंडल द्वारा बांदा स्टेशन पर साहित्यिक संगोष्ठी और वैगन मरम्मत कारखाना, झाँसी में गीतकार शैलेन्द्र की जयंती पर कवि गोष्ठी आयोजित की गई। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, आगरा में रेल सुरक्षा बल शाखा, लेखा शाखा, सिगनल एवं दूरसंचार शाखा और कार्मिक शाखा में किए जा रहे कार्यों की राजभाषा प्रदर्शनी लगाई गई तथा राजभाषा के प्रयोग- प्रसार की समीक्षा की गई। सतेन्द्र कुमार ने राजभाषा पखवाड़ा के दौरान मुख्यालय में आयोजित की जाने वाली प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक जे.एस. लाकरा और सभी प्रधान विभागाध्यक्षों सहित अन्य अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन चन्द्र भूषण पाण्डेय, वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी ने किया तथा उप मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं उप मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर/प्रोजेक्ट श्रीमती प्रियंका सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।