प्रयागराज 08 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सूचना और प्रसारण मंत्रालय के क्षेत्रीय लोक सम्पर्क ब्यूरो द्वारा आज एक विशेष जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें बहरिया ब्लाक के नूरपुर गांव की विभिन्न लाभार्थी महिलाओं शिवकली, सुषमा देवी, रामप्यारी, अनीता देवी, फूलकली, गुड़िया देवी, रामसती, सोना देवी, रीना व नीतू पटेल को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रादेशिक लोक सम्पर्क ब्यूरो के उप निदेशक सुनील कुमार शुक्ल ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 08 मार्च को पूरे विश्व में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह पूर्वक मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह दिन महिलाओं को उनकी क्षमता सामाजिक, राजनीतिक व आर्थिक क्षेत्र में आगे बढ़ने और महिलाओं को उनके अधिकार बेहतर तरीके से प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करता है। विभाग के सहायक निदेशक आरिफ हुसैन रिज़वी ने कहा कि आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस है और ऐसे में महिलाओं का सम्मान किया जाना आज के इस जागरूकता कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बनाने वाला है। उन्होंने कहा कि अन्य योजनाओं के साथ साथ मातृत्व सुरक्षा योजना और आयुष्मान भारत योजना से महिलाओं को खासतौर से लाभ होगा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बहरिया के स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी आर0एस0 यादव ने सफल परिवार के लिए महिलाओं का जागरूक होना अत्यंत आवश्यक बताया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने परिवार का बेहतर रखरखाव करने के लिए उनका स्वस्थ रहना जरूरी है। जिसके लिए उन्हें अपने खानपान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां बदल रही हैं भारत में आज महिलाएं सेना, वायु सेना, पुलिस, आईटी, इंजीनियरिंग तथा चिकित्सा आदि के क्षेत्र में पुरुषों से कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं।
डाट्स के चिकित्साधिकारी डाॅ0 सुनील कुमार यादव ने उपस्थित महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जानकारी देते हुए कहा कोरोना वायरस से डरने की आवश्यकता नहीं है। बचाव ही सही उपाय है। इसके लिए जनसामान्य को जागरूक होना होगा। उन्होंने कहा कि सही मायने में महिला दिवस तब ही सार्थक होगा जब विश्व भर में महिलाओं को मानसिक व शारीरिक रूप से सम्पूर्ण आजादी मिलेगी। कार्यक्रम में ए0एन0एम प्रभावती पाल ने कहा कि महिलाओं के जागरूक होने से उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का बेहतर लाभ प्राप्त हो रहा है।
इस अवसर पर राजेश बरनवाल, ओम प्रकाश श्रीवास्तव व राम मूरत विश्वकर्मा के द्वारा संचालित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के 10 विजयी प्रतिभागियों 10 जागरूक महिलाओं को विभाग द्वारा सम्मनित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को जानकारी के साथ साथ मनोरंजन करने के लिए प्रादेशिक लोक सम्पर्क ब्यूरो के जादूगर योगेन्द्र कुमार द्वारा मनोरंजक और ज्ञानवर्द्धक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान ममता संस्था की नीतू त्रिपाठी, उर्मिला देवी, नीतू यादव, व बृजेश, द्वारिका प्रसाद, राम औतार आदि लोग उपस्थित रहे।