महाप्रबंधक कार्यालय में निर्माण संगठन द्वारा राजभाषा की आकर्षक प्रदर्शनी का आयोजन

प्रयागराज ।      

सरकार की राजभाषा नीति के अनुसार राजभाषा के प्रयोग-प्रसार में बहुआयामी प्रगति सुनिश्चित करने के उद्‍देश्य से उत्‍तर मध्‍य रेलवे महाप्रबंधक कार्यालय में निर्माण संगठन द्वारा राजभाषा हिंदी में किए जा रहे कार्यों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। इस प्रदर्शनी में निर्माण संगठन द्वारा हिंदी में निष्‍पादित कार्यों की सुरुचिपूर्ण प्रस्तुति की गई। महाप्रबंधक  सतीश कुमार ने मंगल दीप प्रज्‍ज्‍वलित कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक  सतीश कुमार ने कहा कि कार्यालय के कामकाज में भाषा का प्रयोग करते समय पत्राचार, आदेश इत्यादि सभी कार्यों की विषयवस्तु पूरी तरह स्पष्ट होनी चाहिए, ताकि निचले क्रम के कर्मचारीगण उन्हें सही तौर पर आत्मसात कर उनका समुचित अनुपालन सुनिश्चित कर सकें।  सतीश कुमार ने कहा कि राजभाषा का प्रयोग करते हुए हमारा उद्देश्य अपने कामकाज को तेजी के साथ पूरा किया जाना होना चाहिए। इसके लिए कार्यप्रणाली में इस्तेमाल किए जा रहे साफ्टवेयरों और एप्लिकेशनों में राजभाषा हिंदी का प्रावधान होना चाहिए और उनका अपग्रेडेशन किया जाना चाहिए। महाप्रबंधक  सतीश कुमार ने निर्माण संगठन द्वारा राजभाषा हिंदी में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की और राजभाषा प्रदर्शनी एवं उत्‍कृष्‍ट कार्य के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों हेतु दस हजार रूपए तथा रंगोली की उत्कृष्ट साज-सज्जा के लिए ढाई हजार रूपए के पुरस्कार की घोषणा की। इस क्रम में संसदीय राजभाषा समिति के निरीक्षण से संबंधित मदों के अनुसार निर्माण संगठन के सभी कार्यालयों द्वारा हिंदी में किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। कार्यक्रम के आरंभ में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण  मंजुल माथुर द्वारा महाप्रबंधक  सतीश कुमार का स्वागत किया गया और और उन्हें विभाग द्वारा राजभाषा हिंदी में किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया गया।

इस अवसर पर मुख्‍य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान मुख्‍य संरक्षा अधिकारी  मनीष कुमार गुप्‍ता, मुख्य इंजीनियर/मुख्यालय/निर्माण  संतोष कुमार गुप्ता, मुख्य इंजीनियर/उत्‍तर  नरेंद्र सिंह, मुख्य परियोजना प्रबंधक/प्रयागराज  एम.एस. हाशमी, वित्‍त सलाहकार एवं मुख्य लेखाधिकारी/निर्माण  विष्णु बजाज, मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर/निर्माण  नरेश कुमार वर्मा, मुख्य बिजली इंजीनियर/निर्माण  दीनबंधु, सचिव/महाप्रबंधक  अजय सिंह, उप मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं उप वित्‍त सलाहकार एवं मुख्य लेखा अधिकारी  शैलेन्द्र कुमार सिंह, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी/औ.स.एवं निर्माण  एस.के. सिंह, वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी/मु.  चंद्रभूषण पाण्डेय तथा राजभाषा एवं निर्माण संगठन के सभी अधिकारी, वरिष्ठ पर्यवेक्षक और कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का समन्वयन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी/निर्माण  कृपाशंकर मिश्रा द्वारा किया गया।

Related posts

Leave a Comment