मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, प्रयागराज में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन

प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में मंडल रेल प्रबंधक हिमांशु बडोनी की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक संपन्न हुई। मंडल रेल प्रबंधक हिमांशु बडोनी ने बैठक में उपस्थित सभी शाखाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की राजभाषा नीतियों का अनुपालन कराना हमारा संवैधानिक दायित्व है। यद्यपि हमारे मंडल में हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग हो रहा है फिर भी सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को पूरी तरह से हासि‍ल करने के लिए हमें और प्रयास करने की आवश्यिकता है। राजभाषा अधिनियम की धारा 3(3) के अंतर्गत आने वाले सभी कागजात हिंदी-अंग्रेजी द्विभाषी रूप में जारी किए जाने अनिवार्य हैं। इसमें किसी भी प्रकार की कोई छूट नहीं है। मैं चाहूँगा कि आप सभी अपने-अपने कार्यालयों में राजभाषा नीति का समुचित अनुपालन सुनिश्चित कराएं ताकि हमारा मंडल राजभाषा हिंदी के प्रयोग के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सके। उन्होंने आगे कहा कि सभी कार्यालय अपने यहां जारी होने वाले पत्रों हिंदी में ही जारी करें तथा छोटे छोटे प्रयास करें जैसे हस्ताक्षर व अपने पदनाम आदि हिंदी में लिखें जाए। श्री बडोनी ने अधिकारियों को निदेश दिया कि वे अपने निरीक्षणों के दौरान राजभाषा प्रगति का भी निरीक्षण करना सुनिश्चित करें और निरीक्षित कार्यालय में राजभाषा के प्रयोग-प्रसार की स्थिति का जिक्र अपनी निरीक्षण रिपोर्ट में भी अवश्यक करें। उन्होंने समिति को संबोधित करते हुए कहा कि मेरा मानना है कि जब आप सभी अपना अधिक से अधिक कार्य हिंदी में करेंगे तो आपके अधीन कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारी इससे प्रोत्साहित होंगे और राजभाषा हिंदी के प्रयोग में अवश्य वृद्धि होगी।
बैठक के प्रारंभ में प्रयागराज मंडल के अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा.) नवीन प्रकाश ने मंडल पर हिंदी के प्रयोग-प्रसार बढ़ाने के संबंध में किए गए कार्यों से समिति को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मंडल पर नियमित रूप से कंप्यूटर पर हिंदी कुंजीयन कार्यशालाओं का आयोजन कर कर्मचारियों को कंप्यूटर पर हिंदी में कार्य करने का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा महत्वपूर्ण स्टेरशनों और कार्यालयों का नियमित रूप से निरीक्षण कर राजभाषा हिंदी का प्रयोग बढ़ाया जा रहा है। उन्होने मंडल की उपलब्धियों के बारे में बताते हुए कहा कि राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट प्रयोग प्रसार हेतु वर्ष 2023 का सर्वश्रेष्ठ मंडल राजभाषा शील्ड, प्रयागराज मंडल को प्राप्त हुई है, यह हमारे मंडल के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज मंडल पर राजभाषा हिंदी के प्रयोग में निरंतर वृद्धि हो रही है और हम तकनीकी कार्यों में भी बड़ी सहजता से हिंदी का प्रयोग सुनिश्चित कर रहे हैं।
बैठक में मंडल के समस्त शाखा प्रबंधक उपस्थित थे। सभी शाखा प्रबंधकों ने अपने-अपने शाखाओं में राजभाषा हिंदी की प्रगति के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया तथा हिंदी के प्रगामी प्रयोग हेतु कई सुझाव भी दिए। बैठक का संचालन अमित कुमार सिंह, जन संपर्क अधिकारी एवं राजभाषा अधिकारी ने किया।

Related posts

Leave a Comment