किन्नर अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी डा लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी महराज ने कहा किन्नरों ने भगवान श्रीराम का किया था लालन, पालन
माघ मेला में लगे शिविर में होगा भजन, प्रभु की लीलाओं का मंचन
प्रयागराज। अयोध्या में प्रभु श्री राम का भक्ति मंदिर बनकर तैयार हो रहा है 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर के भव्य लोकार्पण और प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम तय किया गया है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिन लोकार्पण और प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। 500 वर्षों के इंतजार के बाद जब प्रभु श्री राम अपने गर्भगृह में विराजने जा रहे हैं। पूरे देश में खुशियां मनाई जा रही है। देश भर में पूजित अक्षत कलश यात्रा निकाली जा रही हैं। लोगों को अयोध्या आने का आमंत्रण दिया जा रहा है।
वहीं किन्नर अखाड़ा भी प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर के लोकार्पण और प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उत्साहित है। किन्नर अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी डॉ लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी जी महाराज ने कहा कि भगवान श्री राम ने किन्नरों को अपनाया था। प्रभु श्री राम का लालन पालन भी किन्नर माताओं ने ही किया था। यही नहीं जब प्रभु श्री राम 14 वर्ष के वनवास पर जा रहे थे तब अयोध्या वासियों के साथ किन्नर भी तमसा नदी के तट तक उन्हें छोड़ने आए थे।
यह बातें किन्नर अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी डा लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी महराज ने आज प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित एक होटल में कहीं। आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी महराज ने
कहा कि प्रभु श्री राम ने सभी नर और नारियों को वापस लौटने के लिए कहा था लेकिन किन्नर के लिए कुछ नहीं कहा था जिसके चलते किन्नरों ने भी 14 वर्ष तक तमसा नदी के तट पर प्रभु श्री राम का इंतजार किया था।
किन्नर अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी डॉ लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने कहा कि प्रभु श्री राम 500 वर्षों बाद अपने घर में विराजेंगे। इससे बढ़कर कोई दूसरी खुशी नहीं हो सकती है। उन्होंने कहा है कि माघ मेले में किन्नर अखाड़े के शिविर में भी भजन कीर्तन और पूजा अर्चना की जा रही है। अयोध्या जाकर प्रभु श्री राम के दर्शनों को लेकर कहा है कि अगर उन्हें लोकार्पण और उद्घाटन के कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण आएगा तो जरूर जाएंगे। उन्होंने कहा है कि अगर निमंत्रण नहीं भी मिला तब भी यहीं पर रहकर हम सभी किन्नर श्रीराम उत्सव धूमधाम से मनाएंगे। इसके पूर्व किन्नर अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी डा लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी महराज का प्रयागराज पहुंचने पर उप्र किन्नर वेलफेयर बोर्ड की वरिष्ठ सदस्य और किन्नर अखाड़ा की प्रदेश अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्यानंद गिरि और महामंडलेश्वर स्वामी कल्याणीनंद गिरी ने बड़ी संख्या में शिष्यों सहित भव्य स्वागत और अभिनन्दन किया।