बढ़ रहा तीसरी लहर का खतरा, महाराष्ट्र में 18 हजार व दिल्ली में लगभग साढ़े पांच हजार केस मिले

 देश में कोरोना महामारी की तीसरी लहर का खतरा बढ़ता जा रहा है। ओमिक्रोन के साथ ही कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार सुबह आठ बजे जानकारी दी कि पिछले 24 घंटे में 37 हजार से ज्यादा नए मामले पाए गए हैं। सक्रिय मामले बढ़कर पौने दो लाख के करीब हो गए हैं। ओमिक्रोन के मामले भी लगभग दो हजार हो गए हैं। इस बीच आज महाराष्ट्र में 18 हजार से ज्यादा और दिल्ली में लगभग साढ़े पांच हजार मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र में आज 18,466 नए मामले मिले और 20 लोगों मौत हो गई। यहां कुल सक्रिय मामले 66,308 हैं। ओमिक्रोन के मामले की संख्या 653 तक पहुंची। इनमें से 259 को छुट्टी दे दी गई। मुंबई में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 10,860 नए मामले सामने आए और 2 लोगों की मृत्यु दर्ज़ की गई। शहर में कुल सक्रिय मामले 47,476 हैं। पुणे में आज 1,104 कोविड मामले सामने आए।दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 5,481 नए मामले सामने आए और 3 लोगों की मृत्यु हुई। कुल सक्रिय मामले 14,889 हैं और पाजिटिविटी रेट 8.37% है।कर्नाटक में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,479 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 288 लोग डिस्चार्ज हुए और 4 लोगों की मृत्यु दर्ज़ की गई। कुल सक्रिय मामले 13,532 हैं। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डा के. सुधाकर ने कहा कि राज्य में कोविड प़ॉजिटिविटी दर 2.59% है। आज 2,479 नए मामले आए औऱ 4 लोगों की मृत्यु दर्ज़ की गई। आज ओमिक्रोन का कोई नया मामला नहीं आया, अब तक 77 ओमिक्रोन मामले दर्ज़ हुए हैं। आज 95,391 टेस्ट किए गए। बेंगलुरु में 2,053 नए मामले सामने आए।

Related posts

Leave a Comment