प्रयागराज। भारत की पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. इन्दिरा गांधी के 104वें जन्मदिवस पर गुरूवार को कांग्रेस नेता एवं इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अवकाश प्राप्त न्यायमूर्ति सभाजीत यादव ने उन्हें नमन करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री ने ही देश की मजबूत आधारशिला रखी थी। देश की सांप्रदायिक प्रतिक्रियावादी एवं रूढ़िवादी शक्तियों से लड़ने के लिए 1976 में भारतीय संविधान में संशोधन द्वारा संविधान की उदेशिका में धर्मनिरपेक्ष एवं समाजवाद शब्द को जोड़कर समाजवाद एवं धर्मनिरपेक्षता के प्रति अपनी प्रतिबद्वता को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने और मजबूत किया था।
उन्होंने कहा कि 1974 में राजस्थान के पोखरण में सफल परमाणु परीक्षण द्वारा भारत को दुनिया में परमाणु सम्पन्न देशों की अगली पंक्ति में खड़ा करने का सारा श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री को ही जाता है। 1971 के लोकसभा आम चुनाव में स्व. गांधी ने देश की गरीब जनता के गरीबी को चुनाव का मुख्य मुद्दा बनाते हुए गरीबी हटाओ के नारे पर अपार जनसमर्थन प्राप्त किया था। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी का झुकाव उनके पिता देश के प्रथम प्रधानमंत्री स्व. पंडित जवाहर लाल नेहरू की तरह हमेशा वामपंथी आर्थिक नीतियों की तरफ ही रहा है। प्रधानमंत्री के तौर पर जब इंदिरा गांधी ने पद संभाला था, उस समय भारत दुनिया में सर्वाधिक पिछड़ा देश था। कृषि प्रधान देश होते हुए भी कृषि उपज से देश खाद्यान्न मामले में आत्मनिर्भर नहीं था। उस समय सूखे एवं अकाल से लोग भारी संख्या में मर रहे थे। ऐसी स्थिति में स्व. इंदिरा गांधी ने अच्छे किस्म के बीज तथा सिंचाई के साधनों में वृहद स्तर पर वृद्धि कर देश में 1970 के दशक में हरित क्रान्ति द्वारा देश को खाद्यान्न मामले में आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया। यही नहीं उन्होंने 1969 में 14 निजी क्षेत्र की बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया और देश के राजाओं को दी जाने वाली धनराशि को समाप्त किया था। जिसके फलस्वरूप भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में विघटन हो गया। लेकिन देश के वामपंथियों एवं समाजवादियों ने उनके इस कदम का जोरदार स्वागत किया था।
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि
भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इन्दिरा गांधी की 104वीं जयंती गुरुवार को कांग्रेसियों की ओर से मनायी गयी। आनंद भवन में आयोजित कार्यक्रम में जुटे जिला और शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर पुष्प चढ़ाकर उन्हें नमन किया। कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य एवं राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि स्व. इन्दिरा गांधी ने ही भारत की मजबूत आधारशिला रखी थी। श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में अरुण तिवारी, रामकिशुन पटेल, नफीस अनवर, सुधाकर तिवारी, श्यामकृष्ण पाण्डेय, मुकुन्द तिवारी, अनिल पाण्डेय, किशोर वाष्र्णेय, हरिकेश त्रिपाठी, जावेद उर्फी, सुरेश यादव, सत्या पाण्डेय, चमन रावत, रिंकू तिवारी, रामछबीले मिश्रा, राजबहादुर, महेश त्रिपाठी, दीपचंद्र शर्मा, दत्तात्रेय त्रिपाठी, विनय दुबे, दिनेश सोनी, राजेश दुबे, प्रदीप द्विवेदी, राजकुमार शुक्ला, शुभम शुक्ला, परवेज सिद्दीकी, हरदेव सिंह आदि मौजूद रहे।