नागरिकता के खिलाफ जामिया के छात्रों का हिंसक प्रदर्शन, कई बसों में लगाई आग

जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के छात्रों और स्थानीय लोगों ने रविवार को जामिया नगर में संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन किया। लेकिन शाम होते-होते यह प्रदर्शन काफी उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने कई बसों में आग लगा दी। फिलहाल दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे हुए हैं।दिल्ली यातायात पुलिस ने ट्वीट कर जानकारी दी कि प्रदर्शन की वजह से ओखला अंडरपास से सरिता विहार तक के रास्ते पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। यातायात पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के नजदीक मथुरा रोड को बाधित कर दिया। सड़क बाधित होने की वजह से बदरपुर और आश्रम चौक से यातायात को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ दिया गया है। हालांकि जामिया प्रशासन ने बयान जारी करते हुए जानकारी दी कि रविवार को हो रहे प्रदर्शन में उनके विश्वविद्यालय के छात्र शामिल नहीं है।

जामिया मिल्लिया इस्लामिया छात्रों के एक समूह ने कहा कि हिंसा और आगजनी से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाए कि ‘‘स्थानीय तत्व’’ प्रदर्शन में शामिल हो गए और उन्होंने इसे ‘‘बाधित किया।’’उन्होंने कहा कि प्रदर्शन हिंसक हो जाने के कारण वे परिसर में लौट आए और परिसर में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर उस समय युद्ध का मैदान बन गया जब विवादित संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के लिए संसद मार्च करने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प हो गई।

Related posts

Leave a Comment