रामघाट रोड अब रामघाट कल्याण मार्ग के नाम से जाना जाएगा
केन्द्र एवं प्रदेश की डबल इंजन सरकार अब कर रही है चहुॅमुखी विकास
अलीगढ़ ।प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अलीगढ़ में 274 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण कर विकास कार्यों की सौगात दी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह के नाम पर रामघाट रोड का नाम ’’रामघाट कल्याण मार्ग’’ किये जाने के साथ ही अलीगढ़ से बुलंदशहर तक का चार लेन बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने अलीगढ़ ही नहीं वरन संपूर्ण प्रदेश का चौमुखी विकास किया है। बात शिक्षा की हो या स्वास्थ्य की, सड़कों की हो या फिर उद्योगों की, उत्तर प्रदेश केंद्र सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर परियोजनाओं की स्थापना कर रही है। उप मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास प्राप्त करते हुए प्रदेश का तीव्र गति से चहुमुंखी विकास कर रही है।
अलीगढ़ के सर्किट हाउस परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री जी ने करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए अलीगढ़ एवं एटा वासियों को विकास की नई सौगात दी। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश में डबल इंजन की सरकार के परिणाम को आज पूरा देश देख रहा है। उन्होंने कहा कि आज वह 274 करोड़ की परियोजनाओं में से 93 करोड़ की लागत वाली 84 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 181 करोड़ की लागत वाली 69 परियोजनाओं का शिलान्यास कर रहे हैं। मंच के माध्यम से उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे बिना किसी देरी के अविलंब गुणवत्तापूर्ण कार्य प्रारंभ करें।