चंडीगढ़ नगर निगम में धमाकेदार एंट्री पर बोले आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव पहली बार लड़ी आम आदमी पार्टी ने निगम सदन में धमाकेदार एंट्री की है। आप निगम सदन में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हालांकि पार्टी बहुमत से काफी दूर है। मेयर के लिए आप व भाजपा में टक्कर होगी। 35 सदस्यीय निगम में आप के 14, भाजपा के 12, कांग्रेस के 8 व शिअद के एक प्रत्याशी ने जीत हासिल की है। चंडीगढ़ में सांसद भाजपा की किरण खैर हैं। उन्हें भी निगम में मतदान का अधिकार है। भाजपा के पास कुल 13 वोट हैं।

पहली ही बार में आप की निगम में धमाकेदार एंट्री पर पार्टी उत्साहित है। पार्टी प्रमुख व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा है कि चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी की ये जीत पंजाब में आने वाले बदलाव का संकेत है। चंडीगढ़ के लोगों ने आज भ्रष्ट राजनीति को नकारते हुए आप की ईमानदार राजनीति को चुना है। उन्होंने आप के विजयी उम्मीदवारों व कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि इस बार पंजाब बदलाव के लिए तैयार है।दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि आप चंडीगढ़ में पहली बार चुनाव लड़ा। चंडीगढ़ की जनता ने आप का जो समर्थक किया उसका वह स्वागत करते हैं। वह इसके लिए हर मतदाता और पार्टी कार्यकर्ता को धन्यवाद देते हैं। आप के चंडीगढ़ प्रभारी राघव चड्ढा ने भी आप की भारी जीत पर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी। कहा कि लोगों ने भ्रष्टतंत्र के खिलाफ आप को समर्थन दिया है। राघव चड्ढा ने चंडीगढ़ में प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान कई नेताओं ने आप का दामन भी थामा।

Related posts

Leave a Comment