प्रयागराज। कोरोना वायरस से निपटने के लिए 21 दिन के लॉकडाउन के मद्देनजर शहर में तमाम लोगों को भोजन की समस्या हो रही है। गरीबों और बेसहारा लोगों का पेट भरने के लिए पुलिस महकमा सामने आया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सत्यार्थ अनिररुद्ध पंकज के निर्देश पर सभी चैकी और थाना प्रभारियों को मजबूर एवं बेसहारा लोगों के भोजन वितरण का निर्देश दिया है। कुछ हद तक पुलिस कप्तान का आदेश असर जमीन पर दिखाई दे रहा है। कप्तान के आदेश से पहले भी लॉकडाउन के दौरान कुछ पुलिस कर्मियों ने ऐसे बेसहारा लोगों को भोजन देने का काम शुरु कर दिया है। यह काम सबसे पहले एडीजी प्रेम प्रकाश ने गरीबों को लॉकडाउन के दौरान खाना वितरित कर किया। उसके बाद सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस कर्मी स्थानीय समाजसेवी लोगों के सहयोग से भूखों को भोजन दे रहे हैं।
दारागंज थाना प्रभारी ने बताया कि आटा, दल, चावल सहित जरुरत के अन्य उपयोगी सामान का पैकेट बनवाकर दारागंज क्षेत्र में गरीबों एवं मजदूरों एवं भिखारियों में वितरित करने का काम किया जा रहा है।
इसी तरह स्वरुपरानी नेहरु चैकी में तैनात सिपाही अंगद सिंह एवं महिला सिपाही अंजू सजान ने भूखे लोगों को भोजन उपलब्ध कराया। अंगद सिंह ने बताया कि स्वरुपरानी नेहरु चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन बल्डिंग में लगभग बीस से अधिक मजदूर हैं। जो काम करने के लिए विलासपुर, देवरिया, सोनभद्र, झांसी,से यहां काम करने आए हुए है। उनके पास खाद्य समाग्री बहुत कम बची है। वह सभी मजदूर अपने गांव जाना चाह रहे हैं लेकिन अभी कोई साधन नहीं है। सिपाही ने बताया कि ठेकेदार से मजदूरों के खाने की व्यवस्था के सम्बन्ध में बातचीत की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक अपराध आशुतोष मिश्र शहर में घूम-घूूम लोगों से अपील की है कि आस-पास के गरीब एवं मजदूरों का सहयोग किया जाए। उन्हें बाहर न निकलने दिया जाए। सभी नागरिक सुरक्षित घर में रहें। लाकडाउन का पालन करें।