प्रयागराज। केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत रेल मंत्रालय द्वारा ब्रॉड गेज रूटों का शत प्रतिशत विद्युतीकरण को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय रेल विद्युतीकरण संगठन, प्रयागराज की बेंगलुरू परियोजना द्वारा दक्षिण पश्चिम रेलवे के मैसूर मण्डल के होस दुर्ग-चिक्क्जाजूरु (30 RKM) महत्वपूर्ण खण्ड का विद्युतीकरण कार्य पूर्ण करने के उपरान्त 24.03.2022 को सीआरएस निरीक्षण का कार्य सफलता पूर्वक सम्पन्न हो गया है।
स्वच्छ पर्यावरण के लिए संकल्पित शून्य कार्बन उत्सर्जन के साथ भारतीय रेल को हरित रेल बनाने की राह पर केंद्रीय रेल विद्युतीकरण संगठन प्रयागराज, अहम भूमिका निभा रहा है। विद्युतीकृत ऊर्जा पर्यावरण के अनुकूल होती है, इसके इस्तेमाल से डीजल की खरीद में लगने वाली विदेशी मुद्रा की बचत होती है, जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी।
कोर के महाप्रबन्धक यशपाल सिंह, ने बेंगलुरु परियोजना की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि कोर की सभी परियोजनायें पूरे देश के ब्रॉडगेज रेल-मार्गों को 2023 तक पूर्ण रूप से विद्युतीकृत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, और इसी को मूर्तरूप देने में रेल विद्युतीकरण संगठन के सभी कर्मी निरन्तर प्रयासरत एवं कृत संकल्प है।