भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में दूसरी पारी पूरी मजबूती से खेलने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए ठोस रणनीति पर काम करते हुए पार्टी आगे बढ़ेगी। पिछले चुनाव में किसी कारणवश पाले में आने से रह गई सीटों पर भी विजय के लिए मजबूती से प्रयास करेगी। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित कराने के लिए भाजपा के रणनीतिकार केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को बनारस में प्रदेश भर के पदाधिकारियों के बीच में थे। बड़ालालपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल के सभागार में जुटे प्रभारियों-पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने सफलता का मंत्र दिया। कहा कि बूथ जीत गए तो सुनिश्चित चुनाव जीत जाएंगे। एक चुनाव जीत गए तो आगामी तीन चुनाव में भी विजय पाएंगे।दूसरा सत्र समाप्त होने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बैठक के बाबत प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने मीडिया को बताया कि विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 300 प्लस का लक्ष्य रखा है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारी समझा दी गई है। भाजपा 365 दिन 24 घंटे काम करने वाला संगठन है। कार्यकर्ता हर समय पसीना बहाता है, इसलिए चुनाव के दौरान विशेष करने की जरूरत नहीं। सरकार के विकास कार्य व संगठन की तैयारी से लक्ष्य हासिल कर लेंगे।दो सत्रों में चली कार्यशाला में सबसे पहले भाजपा के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान शिक्षक की भूमिका में आए। सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों से आए प्रभारियों, अध्यक्षों और भाजपा संगठन के दृष्टिगत गठित प्रदेश के 98 जिलों के प्रभारियों-अध्यक्षों को चुनाव से पहले की कार्यशैली पर दिशा निर्देश दिया। कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या व दिनेश शर्मा, भाजपा प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, सुनील बंसल आदि वरिष्ठ नेता-पदाधिकारी थे।केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की पुण्यतिथि पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर पहुंचकर उनकी प्रतिमा के आगे शीश झुकाकर पुष्प अर्पित किया। हालांकि भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में शामिल होने आए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री के प्रोटोकाल में बीएचयू जाने का कार्यक्रम नहीं था, लेकिन मालवीय जी की पुण्यतिथि के कारण अचानक कार्यक्रम में बदलाव किया गया। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद थे। सभी ने मालवीय जी की मूर्ति पर पुष्प अर्पित किए। केंद्रीय गृहमंत्री ने प्रतिमा स्थल से ही जनता का अभिवादन किया। मौजूद कार्यकर्ताओं के संग काशी की जनता ने हर हर महादेव का उद्घोष कर उनका स्वागत किया।
Related posts
-
Mann Ki Baat में पीएम मोदी ने Pahalgam Attack की कड़ी निंदा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 121वें एपिसोड में... -
लोग धैर्य रखें, सरकार पहलगाम हमले के गुनाहगारों पर कर रही कार्रवाई : जनरल वी के सिंह
मिजोरम के राज्यपाल जनरल वी के सिंह ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर रविवार को जनता... -
खुफिया विफलता का नतीजा, पहलगाम हमले को लेकर Akhilesh Yadav ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पहलगाम आतंकी हमले को भारतीय जनता पार्टी की केंद्र...