प्रयागराज। रेलवे सुरक्षा बल को रेलवे संपत्ति , यात्रियों तथा उनसे संबंधित मामलों कि सुरक्षा करने की जिम्मेदारी का दायित्व सौंपा गया है। रेलवे सुरक्षा बल के जवान रेलवे तथा रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए दिन- रात पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहे हैं।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाया गया ऑपरेशन “अमानत” एक ऐसा ऑपरेशन है जिसके तहत यात्रियों का ट्रेन में या स्टेशन परिसर में भूल वश या ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी के कारण छूटा सामान यात्रियों को वापस किया जाता है।
ऑपरेशन के अंतर्गत यात्री अपने खोए हुए सामान की सूचना हेल्पलाइन नंबर 139 पर देकर इस ऑपरेशन का लाभ उठा सकता है। सामान बरामद होने पर रेलवे सुरक्षा बल आपको सूचित करता है और आपके आने पर अपनी पहचान बताने पर तथा सुनिश्चित कर की बरामद सामान उपस्थित हुए यात्री का है सामान यात्री के सुपुर्द किया जाता है।
इस ऑपरेशन के तहत प्रयागराज मंडल में माह अप्रैल 2022 से 22 जून 2022 तक कुल 60 यात्रियों का छूटा हुआ सामान बरामद कर यात्रियों के सुपुर्द किया गया। इसमें प्रयागराज स्टेशन पर समान अवधि में 12 यात्रियों, अलीगढ़ स्टेशन पर 6 यात्रियों तथा कानपुर स्टेशन पर 14 यात्रियों को उनका सामान सकुशल वापस किया गया।