हिंदू कैलेंडर के अनुसार, चैत्र माह की प्रतिपदा से नए वर्ष की शुरुआत हो जाती है। इसके साथ ही हिंदू नववर्ष संवत 2079 की शुरुआत भी इसी माह से हो रही है। ऐसा काफी दुर्लभ संयोग माना जा रहा है जो डेढ़ हजार साल में बना रहा है। ज्योतिषों के अनुसार अप्रैल माह हर जातक के लिए काफी प्रभाव डालने वाला है। इस माह कई ग्रह राशि परिवर्तन करने वाले हैं। इस माह राहु-केतु, शनि, मंगल के साथ करीब 9 ग्रह राशि परिवर्तन कर रहे हैं। जानिए ग्रहों के राशि परिवर्तन की तिथि और प्रभाव।
अप्रैल माह में ग्रहों के राशि परिवर्तन की पूरी लिस्ट
मंगल का कुंभ राशि में प्रवेश
अप्रैल माह के शुरुआत यानी 7 अप्रैल को पहला गोचर मंगल कर रहा है। मंगल ग्रह कुंभ राशि में प्रवेश कर रहे है और 17 मई तक यहां पर विराजमान रहेंगे। इस राशि परिवर्तन से कई राशियों को काफी लाभ मिलेगा।
बुध का मेष राशि में प्रवेश
8 अप्रैल 2022 को बुध गोचर कर रहा है। बुध मीन राशि से लेकर मेष राशि में प्रवेश कर रहा है। बुध ग्रह मिथुन और कन्या राशि का स्वामी हैं। इसलिए इस राशि के जातकों को आर्थिक हानि का सामना करना पड़ सकता है। इसके साथ ही सेहत का थोड़ा अधिक ध्यान रखें।
राहु का मेष राशि में प्रवेश
अप्रैल माह में राहु भी राशि परिवर्तन कर रहा है। जिसका असर हर राशि के जातकों पर पड़ेगा। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, राहु 12 अप्रैल 2022 को मेष राशि में गोचर कर रहा है। करीब साढ़े अठारह साल बाद राहु मेष राशि में आ रहे हैं जो करीब डेढ़ साल तक इसी राशि में रहेंगे।
केतु का तुला राशि में गोचर
12 अप्रैल 2022 को राहु के अलावा केतु भी राशि परिवर्तन कर रहा है। केतु वृश्चिक राशि में निकलकर 12 अप्रैल को तुला में राशि में गोचर करेगा।
बृहस्पति का मीन राशि में प्रवेश
13 अप्रैल को बृहस्पति ग्रह कुंभ राशि से निकल कर मीन राशि में प्रवेश कर रहा है। इस ग्रह की राशि मीन और धनु है। गुरु का गोचर कुछ राशियों की किस्मत चमका देगा।
सूर्य का मेष राशि में प्रवेश
14 अप्रैल 2022 को मेष संक्रांति है। दरअसल, जब सूर्य अपनी राशि परिवर्तित करता है तो वह संक्रांति के नाम से जानी जाती है। इस दिन सूर्य मेष राशि में प्रवेश कर रहा है। मेष संक्रांति का असर अधिकतर राशियों के जीवन पर पड़ेगा।
बुध का वृषभ राशि में प्रवेश
25 अप्रैल को बुध वृषभ राशि में प्रवेश कर रहा है। इस बुध गोचर से जातकों को मेहनत का फल मिलने का साथ कामों में सफलता प्राप्त होगी।
शुक्र का मीन राशि में गोचर
27 अप्रैल को शुक्र का गोचर हो रहा है। शुक्र मीन राशि में प्रवेश कर रहा है। इस राशि परिवर्तन से कुछ राशि के जातकों को सतर्क रहने की जरूरत है।
शनि का कुंभ राशि में प्रवेश
अप्रैल माह के अंत में यानी 29 अप्रैल को शनि अपनी ही राशि कुंभ में गोचर कर रहा है। इस गोचर से कुछ राशियों को भाग्योदय मिलेगा तो वहीं कुछ राशियों को सतर्क रहने की जरूरत है।