इंग्लैंड के युवा स्टार हैरी ब्रुक ने मचाया धमाल, विनोद कांबली का 30 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

जीलैंड और इंग्लैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार (24 फरवरी) को वेलिंग्टन में शुरू हुआ। न्यूजीलैंड ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इंग्लैंड ने पहले दिन तीन विकेट पर 315 रन बना लिए। उसके युवा स्टार हैरी ब्रुक 169 गेंद पर 184 रन बनाकर नाबाद हैं। वहीं, अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने 182 गेंद पर नाबाद 101 रन बना लिए हैं।

मैच में न्यूजीलैंड ने अच्छी शुरुआत की। उसने 21 रन तक इंग्लैंड के तीन बल्लेबाजों को आउट कर दिया। मैट हेनरी ने जैक क्रॉली को टॉम ब्लंडेल के हाथों कैच कराया। क्रॉली 12 गेंद पर दो रन बनाकर आउट हुए। उनके बाद ओली पोप पवेलियन लौट गए। पोप को भी हेनरी ने आउट किया। उनका कैच माइकल ब्रैसवेल ने लिया। ओली पोप ने छह गेंद पर 10 रन बनाए। बेन डकेट 21 गेंद पर नौ रन बनाकर आउट हुए। उन्हें टिम साउदी ने ब्रेसवेल के हाथों कैच कराया।

रूट और ब्रुक ने की 294 रन की साझेदारी
तीन विकेट गिर जाने के बाद ब्रुक ने जो रूट के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 294 रनों की साझेदारी कर ली है। ब्रुक ने अपनी पारी में भारत के पूर्व बल्लेबाज विनोद कांबली का 30 साल पुराना एक अनोखा रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह टेस्ट क्रिकेट में नौ पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

गावस्कर इस मामले में ब्रुक से आगे
कांबली ने शुरुआती नौ पारियों में 798 रन बनाए थे। ब्रुक ने उन्हें पीछे छोड़ते हुए 807 रन बना लिए हैं। इस लिस्ट में कांबली के बाद इंग्लैंड के हर्बट सटक्लिफ (780 रन), भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर (778 रन) और एवर्टन वीक्स (777 रन) हैं। ब्रुक ने 100.88 की औसत से 807 रन बनाए हैं। सिर्फ गावस्कर का ही औसत नौ पारियों में उनसे ज्यादा था। गावस्कर ने 129.66 की औसत से 778 रन बनाए थे।

Related posts

Leave a Comment