भारत के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को देहरादून से मुंबई शिफ्ट किया गया है। वह बुधवार (चार जनवरी) को कोकिलाबेन अस्पताल पहुंच गए। शुक्रवार (30 दिसंबर) को उत्तराखंड के रुड़की में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। उसके बाद पहले उन्हें स्थानीय सक्षम अस्पताल में भर्ती किया गया था। उसके बाद पंत को देहरादून के मैक्स अस्पताल में रखा गया। अब वह मुंबई एयरलिफ्ट किए गए हैं।
बीसीसीआई ने पंत को लेकर मेडिकल रिलीज जारी किया है। उसने बताया कि पंत का इलाज अब मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में होगा। वह उनके घुटने के लिगामेंट की सर्जरी होगी। पंत के शरीर के कुछ हिस्सों में अभी भी दर्द और सूजन है। इसका इलाज भी वहीं किया जाएगा।
बीसीसीआई ने अपने बयान में लिखा, ”भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भारत के विकेटकीपर ऋषभ पंत को मुंबई स्थानांतरित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए हैं। ऋषभ 30 दिसंबर को एक कार दुर्घटना के बाद देहरादून के मैक्स अस्पताल में अपनी चोटों का इलाज करवा रहे हैं। उन्हें एक एयर एंबुलेंस में मुंबई लाया जाएगा।”बोर्ड ने आगे लिखा, ”उन्हें कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल और चिकित्सा अनुसंधान संस्थान में भर्ती कराया जाएगा। वह अस्पताल में सेंटर फॉर स्पोर्ट्स मेडिसिन के प्रमुख डॉ दिनशॉ पारदीवाला की निगरानी में रहेंगे। ऋषभ की लिगामेंट टियर की सर्जरी और बाद की प्रक्रियाएं होंगी। उनके ठीक होने और रिहैबिलिटेशन के दौरान बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी निगरानी करती रहेगी।’