डेंगू पर काबू पाने में नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग नाकाम नजर आ रहे हैं। लखनऊ में रविवार को भी डेंगू के 42 नए मरीज मिले। अस्पतालों में डेंगू के लिए आरक्षित वार्ड में बेड बढ़ाने पड़े हैं, पर मरीजों के आने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। निजी अस्पतालों में डेंगू से पीड़ित काफी मरीज भर्ती हैं। डेंगू पर नियंत्रण के लिए नगर विकास मंत्री अरविंद शर्मा, मंडलायुक्त रोशन जैकब, डीएम सूर्यपाल गंगवार और नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
लखनऊ में लगभग हर क्षेत्र में डेंगू के मामले मिल रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के तहत चंदननगर में 4, इंदिरा नगर में 4, अलीगंज में 5, ऐशबाग में 4, रेडक्रॉस में 4, सिल्वर जुबली में 5, एनके रोड में 5, चिनहट में 4, टूड़ियागंज में 4, मलिहाबाद में 3 नए केस मिले। लोकबंधु अस्पताल में 43 मरीज भर्ती हैं। इनमें से तीन की एलाइजा जांच में तो 40 की कार्ड जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। बलरामपुर अस्पताल में 24 तो सिविल में 14 मरीज डेंगू के भर्ती हैं। वहीं, सात घरों में मच्छरजनित स्थितियां पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया है।डीएम ने किया औचक निरीक्षण, कहा-अस्पताल में बेड, ब्लड, प्लेटलेट्स की कोई कमी नहीं
डीएम सूर्य पाल गंगवार रविवार को अचानक सिविल अस्पताल के डेंगू वार्ड पहुंच गए। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने कहा कि सिविल अस्पताल में डेंगू मरीजों के लिए बेडों की संख्या को बढ़ा कर 40 कर दिया गया है। पहले यहां 20 बेड आरक्षित थे।
डीएम ने कहा, हॉस्पिटल में बेड, ब्लड और प्लेटलेट्स की कोई कमी नहीं है। सभी रोगियों को तत्काल जांच कराते हुए उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन को सभी मरीजों को तत्काल इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने वार्ड में भर्ती मरीज़ों व उनके परिवारीजनों से उपचार का फीडबैक भी लिया।
नया हेल्पलाइन नंबर जारी
डीएम ने बताया कि साफ , सफाई, फॉगिंग, लार्वा छिड़काव व डेंगू से संबंधित जानकारी या समस्या के लिए जिले के लोग नए हेल्पलाइन नंबर- 0522-4523000 पर कॉल करके शिकायत दर्ज करा सकते हैं।