मुलायम सिंह की यादों में खोए अखिलेश, डिंपल के चेहरे पर झलका दर्द

मैनपुरी में डिंपल यादव का नामांकन दाखिल कराने के लिए आए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव नेताजी मुलायम सिंह यादव की यादों में खोए रहे। डिंपल यादव के चेहरे पर भी मुलायम सिंह यादव को खोने का दर्द साफ नजर आया। अखिलेश अपने पूरे बयान में नेताजी के संघर्ष और विकास को ही याद करते रहे। उन्होंने कहा कि अब मैनपुरी में नेताजी के काम को डिंपल आगे बढ़ाएंगी।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार को डिंपल यादव के साथ उनका लोकसभा उपचुनाव में नामांकन कराने के लिए आए थे। नामांकन कराने के बाद दोपहर दो बजे के करीब कलक्ट्रेट परिसर में ही उन्होंने पत्रकारों से वार्ता की। इस दौरान वे अपने पिता मुलायम सिंह यादव और जनता के बीच नेताजी के रूप में लोकप्रिय मुलायम सिंह यादव को ही याद करते रहे। अखिलेश ने कहा कि आज नेताजी हमारे बीच नहीं हैं, उनका मैनपुरी से बहुत गहरा लगाव रहा है। मैनपुरी से ही संघर्ष करे नेताजी आगे बढ़े और समाज के हक के लिए लड़ाई लड़ी। सपा उसी संघर्ष को आगे बढ़ाने और नेताजी के दिखाए रास्ते पर चलने का प्रयास करेगी। मैनपुरी में जो विकास नेताजी ने किया है, उसे और आगे ले जाने का काम करें। उन्होंने कहा कि मैनपुरी में नेताजी के काम को डिंपल आगे बढ़ाएंगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जनता ऐतिहासिक मतों से डिंपल को जिताकर नेताजी को श्रद्धांजलि देगी। ये अब तक की सबसे बड़ी जीत होगी। इस दौरान डिंपल शांत नजर आईं। उनके चेहरे पर नेताजी के न होने का दर्द साफ नजर आ रहा था। जब अखिलेश ने डिंपल से बोलने के लिए कहा डिंपल ने बस इतना ही कहा कि नेताजी का आशीर्वाद हमारे साथ है। मैनपुरी की जनता का प्यार जो नेताजी को मिला वो हमें भी मिलता रहेगा। समाजवादी पार्टी की जीत ऐतिहासिक होगी।

Related posts

Leave a Comment