प्रयागराज। कुश मिश्र के आतिशी शतकीय प्रहार और विवेक खत्री के बहुमुखी खेल के दम पर महाकाल एकादश ने जोहा हॉस्पिटल को छह विकेट से हराकर चैम्पियंस वेटरन क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला अपने नाम कर लिया।
दौलत हुसैन कालेज मैदान पर रविवार से शुरू हुई प्रतियोगिता में जोहा हॉस्पिटल ने 20 ओवर में 202 रन बनाये। फरहत मेंहदी 52, सैयद फैजान 42, सचिन भारतीय 35 और भय्यू मेंहदी ने 26 रन का योगदान दिया। महाकाल एकादश के यूसुफ खान और विवेक खत्री ने दो-दो विकेट लिया।
जवाब में महाकाल एकादश ने 19.5 ओवर में चार विकेट पर 204 रन बना लिये। कुश मिश्र ने 101, विवेक खत्री 55 और अक्षत टंडन ने 34 रन बनाये। जोहा हॉस्पिटल के सैयद फैजान एवं सचिन भारतीय ने दो-दो विकेट लिया। कुश को सेंट जोसेफ कालेज के पूर्व क्रिकेट कैप्टन मनीष यादव ने मैन ऑफ दि मैच का पुरस्कार दिया।
इसके पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन कांग्रेस नेता मो. शहाब ने किया। आयोजन सचिव मो. रिजवान ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर चंद्रपाल दयाल, परवेज आलम, आबिद अहमद, पंकज कुशवाहा, मो. नबी, आरिफ, मेराज आदि मौजूद रहे।