उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को संगम नगरी में थे। नवनिर्वाचित महापौर गणेश केसरवानी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर निशाना साधा। बोले, सपा मुखिया अखिलेश यादव का संपर्क गुंडों और माफिया से है। उनके पास अच्छे सलाहकार भी नहीं है। अगर होते तो वह इधर उधर के ट्वीट न करते। उनका ट्वीट अल्प ज्ञान को दर्शाता है।
केशव, सपा मुखिया के उस ट्वीट पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें कहा था कि उप्र में भाजपा के सांसदों और विधायकों ने काम किया होता तो महा जनसंपर्क अभियान के लिए बाहर से मंत्रियों को न बुलाना पड़ता। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के पास दूसरे राज्यों में कोई सांसद और विधायक नहीं है। बीजेपी की केंद्र में सरकार है। वहां पर मंत्री हैं और कई राज्यों में भी सरकारें है। मेरी ड्यूटी महाराष्ट्र में लगी है। राजनीतिक पार्टियों के जो कार्यक्रम होते हैं, उनमें पार्टी अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग दायित्व सौंपती है। पार्टी के अध्यक्ष के पास यह अधिकार सुरक्षित होता है कि किस कार्यकर्ता को कौन सी जिम्मेदारी दी जाए।
गांव और गरीब से भाजपा का संपर्क- केशव प्रसाद
वह बोले, यह पार्टी का महा जनसंपर्क अभियान नहीं बल्कि महा विजय का अभियान है। भाजपा का गांव गरीब से संपर्क खत्म होने पर जवाब देते हुए कहा कि गांव और गरीब से ही भाजपा का संपर्क है। नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में हो रहे शपथ ग्रहण को लेकर नवनिर्वाचित महापौर, अध्यक्षों और पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि निकायों में शपथ ग्रहण के साथ ही सर्वांगीण विकास का जो संकल्प था वह पूरा होगा। नगर निकायों को भी कमल की तरह खिलाया जाएगा।
नई दिल्ली में नये संसद भवन सेंट्रल विस्टा में स्थापित होने जा रहे सत्ता स्थानांतरण के प्रतीक सेंगोल अर्थात राजदंड को लेकर कहा, यह देश के लिए गौरव का विषय है। लोकतंत्र का सबसे बड़ा दिव्य और भव्य मंदिर बनकर तैयार हो चुका है। इसका उद्घाटन 28 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी करेंगे। अंग्रेजों द्वारा पं. जवाहरलाल नेहरू को सौंपी गई सेंगोल को तुष्टिकरण की राजनीति के चलते छिपा दिया गया था। अब यह सेंगोल नए संसद भवन में दिखाई देगा। यह देश के लिए गौरव की बात है।
इसी क्रम में संगम नगरी में 2025 में होने वाले महाकुंभ की तैयारियों को लेकर बोले, 2019 का कुंभ ट्रेलर था। 2025 के महाकुंभ में सरकार पूरी पिक्चर दिखाएगी। दिव्य और भव्य महाकुंभ में गंगा और यमुना का अविरल प्रवाह मिलेगा। नगर निगम के महापौर और पार्षदों के शपथ के साथ ही जिस रास्ते से श्रद्धालु आएंगे उन क्षेत्रों के विकास का अभियान भी शुरू हो जाएगा।