आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने लिटिल इंडिया में शुक्रवार को जलेबी और चाट खाई। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे एक बार खाने की सलाह दी थी। उन्होंने इस संबंध में शुक्रवार को ट्वीट कर जानकारी दी।ट्वीट में अल्बनीज ने कहा कि लिटिल इंडिया, हैरिस पार्क में शुक्रवार की रात कमाल की रही। हमने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से दी गई सलाह पर चटकाज में चाट और जयपुर स्वीट में जलेबी खाई। यह कमाल का था। अल्बनीज ने भारतीय पकवान खाते हुए अपनी तस्वीर भी शेयर की।
हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में जापान के राजदूत हिरोशी सुजुकी की ओर से पुणे में भारतीय पकवान खाते हुए जारी वीडियो पर प्रतिक्रिया दी थी। वीडियो में हिरोशी और उनकी पत्नी पुणे के एक रेस्तरां में वड़ा पाव और मिसल पाव खाते नजर आ रहे हैं।
जापानी राजदूत ने कहा कि भारतीय पकवानों को खाने की लगी शर्त में वह अपनी पत्नी से हार गए। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मोदी ने ट्वीट कर कहा था कि यह ऐसी प्रतियोगिता है, जिसे हारने पर आपको कोई आपत्ति नहीं होगी। आपको भारत की पाक विविधता का आनंद लेते हुए और इतने अभिनव तरीके से प्रस्तुत करते हुए देखकर अच्छा लगा। ऐसे वीडियो आते रहें।