उत्तर प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं से टोलियां बना कर घर-घर संपर्क करने का आह्वान किया है। रविवार को अमरोहा जिले के नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद में सीएम योगी ने सरकार की उपलब्धियां बताने के साथ संगठन की सक्रियता बढ़ाने और विपक्ष की साजिशों को बेनकाब करने पर भी जोर दिया।
उत्तर प्रदेश के सात विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की जीत सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद कमान संभाल रखी है। इसी कड़ी में सीएम योगी ने रविवार को अमरोहा जिले की नौगवां सादात सीट के भाजपा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद किया। उन्होंने चुनावी अभियान को गति देते हुए विपक्ष के हमलों का तार्किक जवाब देने के गुर कार्रकर्ताओं को सिखाए। सीएम योगी ने कहा कि हम सभी वैश्विक महामारी कोविड-19 का मुकाबला कर रहे हैं। पिछले छह महीनों में भाजपा के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा ही संगठन का संकल्प लेकर सेवा की एक अभूतपूर्व मिसाल कायम की है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमरोहा जिले की नौगवां सादात सीट के भाजपा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद किया। इस डिजिटल संवाद में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी शामिल हुए। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी जुड़ें। उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों को जीत का मंत्र भी दिया। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण इस बार का चुनाव बिल्कुल अलग तरह का होगा। बड़ी सभाएं नहीं होंगी। लिहाजा सारा फोकस 100 प्रतिशत बूथों के गठन और चार-पांच की टोलियां बनाकर घर-घर गहन जनसंपर्क करने पर होना चाहिए। केंद्र और प्रदेश सरकार ने जनहित के जो कार्य किए हैं, उन्हें जनता को बताना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर हम बूथों के जरिये सभी मतदाताओं तक पहुंच गए और उनका मतदान सुनिश्चित कर ले गए तो हमारी विजय तय है। उन्होंने हर कार्यकर्ता को अगले एक महीने तक इस काम में देने की अपील की।